पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की शुरुआत 27 जनवरी से हो रही है। पहला मैच कराची किंग्स और मुल्तान सुल्तान के बीच गुरुवार को कराची के नेशनल स्टेडियम में होना है। इससे पहले इस स्टेडियम में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस आग की वजह से स्टेडियम में स्थित कमेंट्री बॉक्स भी जलकर खाक हो गया।
यह घटना 25 जनवरी की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें स्टेडियम के बाहर से धुआं उठता हुआ देखा जा सकता है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। काफी मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, पीएसएल के आयोजकों को गुरुवार से मैच कराने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएसएल 2022 के लिए नए सिरे से कमेंट्री बॉक्स बना रहा था। इसी दौरान 25 जनवरी की रात को वेल्डिंग मशीन में आग लग गई। पाकिस्तानी न्यूज चैनल के मुताबिक इस पर जल्द ही काबू पा लिया गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। पीएसएल 27 जनवरी से 27 फरवरी के बीच खेला जाएगा।
पीएसएल के बाद ऑस्ट्रेलिया का पाकिस्तान दौरा
पीएसएल के बाद मार्च में ऑस्ट्रेलिया को पाकिस्तान का दौरा भी करना है। इस दौरान दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट, तीन वन-डे और तीन टी-20 मैच खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम 23 साल बाद पाकिस्तान का दौरा करेगी। पिछली बार 1998 में उन्होंने पाक का दौरा किया था।
हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरे को लेकर पूरी तरह हामी नहीं भरी है। सुरक्षा व्यवस्थाओं की पूरी जांच के बाद ही इस दौरे पर सहमति बनेगी। अभी तक इस दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का एलान भी नहीं हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था में कमी मिलने पर दौरे को यूएई भी शिफ्ट किया जा सकता है।