राशिद खान अब पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2022 में खेलते नहीं दिखेंगे। दरअसल, अफगानिस्तान की टीम को इसी महीने बांग्लादेश का दौरा करना है। इसी वजह से उन्होंने पीसीएल से विदाई ले ली है। सोशल मीडिया पर उन्होंने इससे जुड़ा एक वीडियो भी पोस्ट किया है। इस वीडियो में राशिद की टीम लाहौर कलंदर्स के बाकी खिलाड़ी उन्हें विदाई देते नजर आ रहे हैं।
राशिद ने 19 फरवरी को खेला था आखिरी मैच
राशिद ने पीएसएल में अपना आखिरी मैच 19 फरवरी को इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ खेला था। इस मैच में उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट झटके थे। इस सीजन में राशिद ने नौ मैचों में 13 विकेट लिए। राशिद मार्च-अप्रैल में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग में भी खेलते नजर आएंगे। उन्हें इस बार गुजरात टाइटंस की टीम ने 15 करोड़ रुपये में साइन किया है। इस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या होंगे।
राशिद खान ने बीच मैदान किया नागिन डांस
राशिद ने जो वीडियो शेयर किया है। उसमें वह नागिन डांस भी करते दिख रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने लाहौर कलंदर्स के बाकी खिलाड़ियों से भी यह डांस करवाया। इसके अलावा साथ खिलाड़ियों ने राशिद को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। साथ खिलाड़ियों से वह गले मिलते हैं और विदा लेते हैं। इस वीडियो के कैप्शन में राशिद ने लिखा- मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। मैं बस इतना कहना चाहूंगा- धन्यवाद!
राशिद ने कैप्शन में लिखी ये बात
राशिद ने लिखा- लाहौर कलंदर्स परिवार और कप्तान शाहीन अफरीदी के साथ खेलना शानदार अनुभव रहा। ईमानदारी से कहूं तो उस माहौल को छोड़ना मुश्किल था। मैं बाकी मैच भी खेलना चाहता था, लेकिन देश से बुलावा आ गया। मेरे मन में अभी भी पीएसएल की यादें ताजा हैं। टूर्नामेंट के लिए सभी को शुभकामनाएं। बांग्लादेश दौरे पर अफगानिस्तान की टीम तीन वनडे और दो टी-20 मैच की सीरीज खेलेगी। इसकी शुरुआत 23 फरवरी से होगी और आखिरी मैच पांच मार्च को खेला जाएगा।