कप्तान प्रदीप नरवाल के रिकॉर्ड 27 अंकों के दम पर मौजूदा चैंपियन पटना पाइरेट्स ने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के इंटर-जोन चैलेंज मुकाबले में शुक्रवार को पुणेरी पलटन को एकतरफा अंदाज में 53-36 से करारी मात दी।
दोनों ही हाफ में पटना का दबदबा रहा। तीन बार की चैंपियन पटना की इस सीजन में 17 मुकाबलों में यह 9वीं जीत है। पटना अब 51 अंकों के साथ जोन-बी में दूसरे नंबर पर है। वहीं, पुणेरी को 20 मैचों में 11वीं हार झेलनी पड़ी है। टीम 47 अंकों के साथ जोन-ए में चौथे स्थान पर है।
विजेता पटना के लिए प्रदीप के 27 अंकों के अलावा मंजीत ने छह और विकास काले ने दो अंक लिए। पटना को रेड से 33, टैकल से 12, ऑलआउट से छह और दो अतिरिक्त अंक भी हासिल हुए। पुनेरी की ओर से मोरे जीबी ने 13, संदीप नरवाल ने सात और परवेश ने तीन अंक हासिल किए। टीम ने रेड से 28, टैकल से छह और तीन अतिरिक्त अंक बटोरे।
वहीं दिन के पहले मुकाबले में गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स ने तेलुगु टाइटंस को 29-27 से हराया।