पृथ्वी शॉ नॉर्थम्पटनशायर के लिए अपने पहले काउंटी मैच से पहले शानदार लय में दिख रहे हैं। एक इंट्रा-स्क्वाड मैच में शॉ ने 39 गेंदों में 65 रन बनाए, जिसका वीडियो काउंटी टीम ने शेयर किया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले पृथ्वी शॉ के लिए आईपीएल 2023 बेहद खराब रहा और उन्हें बीच सीजन में टीम से बाहर कर दिया गया। वह पिछले काफी समय से भारतीय क्रिकेट टीम से भी बाहर हैं। शॉ शुक्रवार को वन-डे कप में चेल्टनहैम में ग्लॉस्टरशायर के खिलाफ नॉर्थम्पटनशायर काउंटी टीम के लिए पदार्पण करेंगे। वीजा औपचारिकताओं के कारण शॉ के टीम के साथ जुड़ने में देरी हुई और वह दो चार दिवसीय काउंटी चैंपियनशिप मैच नहीं खेल सके।
एक मीडिया विज्ञप्ति में शॉ के हवाले से कहा गया, "यह मेरे लिए बहुत अच्छा मौका है और मैं यहां खुद को अभिव्यक्त करने का मौका देने के लिए नॉर्थम्पटनशायर का वास्तव में आभारी हूं। मुझे लगता है कि यह अद्भुत होने वाला है और मैं वास्तव में इसका इंतजार कर रहा हूं।" शॉ आखिरी बार जुलाई 2021 में श्रीलंका दौरे पर भारत के लिए खेले थे, और इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20ई के लिए टीम का हिस्सा थे।
हाल ही में एक साक्षात्कार में, शॉ से पूछा गया कि वह अपने करियर के कठिन पड़ाव के बारे में टीम में किस खिलाड़ी से खुलकर बात करते हैं। इस पर दिल्ली कैपिटल्स के स्टार ने खुलासा किया कि उन्होंने कभी भी किसी के सामने खुलकर बात नहीं की है। उन्होंने कहा "हर कोई एक-दूसरे से बात करता है। लेकिन खुलकर... शायद ही। कम से कम, मैंने कभी किसी से खुलकर बात नहीं की है। हां, सारी मजाक-मस्ती (मौज-मस्ती) होती रहती है। लेकिन व्यक्तिगत स्थान व्यक्तिगत होता है।"
जब शॉ से उस व्यक्ति के बारे में पूछा गया, जिसके पास वह अपने विचार साझा करने के लिए पहुंचते हैं, तो उन्होंने अपने पिता और अपने कोच को अपने पसंदीदा लोगों के रूप में चुना। उन्होंने खुलासा किया, "मैं अपने पिता से बात करता रहता हूं। अगर यह क्रिकेट के बारे में है, तो मैं अपने कोच प्रशांत शेट्टी से संपर्क करता हूं। मैं आपको बता रहा हूं, आजकल मैंने अपने विचार लोगों के साथ साझा करना बंद कर दिया है। मैं यह सब अपने अंदर ही रखता हूं।"