पृथ्वी शॉ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा "कोई मेरी तस्वीरों को एडिट कर रहा है और ऐसी चीजें दिखा रहा है, जिसे मैंने अपनी स्टोरी या पेज पर नहीं डाला है। इसलिए सभी टैग्स और संदेशों को अनदेखा करें धन्यवाद।" पृथ्वी शॉ की वायरल फोटो में जिस लड़की को टैग किया गया है, वह निधि रवि तपाडिया है।
भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने पर चर्चा में आए थे पृथ्वी
पृथ्वी शॉ काफी समय से घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिल रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 टीम में उन्हें शामिल किया गया था, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, शॉ ने खुद स्वीकार किया कि उन्हें वापसी की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने बीसीसीआई के एक वीडियो में कहा "इन 18 महीनों में यह एक कठिन यात्रा रही है। ऐसे लोग थे जिन्होंने मेरे पूरे करियर में मेरा समर्थन किया, जो इस चरण में मेरे साथ खड़े रहे और तब भी मेरा समर्थन करते रहे जब मैं भारत के लिए नहीं खेल रहा था। राहुल सर और पारस सर 16 साल की उम्र से मेरे साथ हैं। यह जानकर अच्छा लगता है कि वे अब बहुत अच्छा कर रहे हैं।"
शॉ पिछले कुछ सालों में घरेलू क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में असम के खिलाफ 134 के उच्चतम स्कोर के साथ 181.42 के स्ट्राइक रेट से 332 रन बनाए। वह पिछले साल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में, उन्होंने सात पारियों में 217 रन बनाए, जबकि 2021-22 रणजी ट्रॉफी में छह मैचों में 355 रन बनाए।