किसी भी टूर्नामेंट के लिए इससे अच्छी बात और क्या होगी कि जिन दो टीमों के बीच मुकाबले से आगाज हुआ उन्हीं दो टीमों के बीच ही फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। एशिया कप में भारत और बांग्लादेश के बीच पहला मैच खेला गया और अब फाइनल भी इन्हीं दो टीमों के बीच होगा। यह मैच रविवार को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा।
लगातार 6 जीत के बाद एशिया कप का फाइनल खेलने उतरने जा रही टीम इंडिया के सामने मेजबान बांग्लादेश की टीम होगी तो सभी को रोमांचक मुकाबले की आस होगी। अब यह मुकाबला और तूफानी होने जा रहा है क्योंकि खिताबी जंग से पहले बांग्लादेश में एक ऐसी तस्वीर वायरल हो गई है जिसमें मेजबान टीम के तेज गेंदबाज तस्किन अहमद अपने हाथ में कप्तान धोनी के शरीर से अलग उनके सिर को हाथ में पकड़े हुए हैं।
पिछले साल भी भारतीय खिलाड़ियों के साथ ही ऐसा भद्दा मजाक किया गया था। अब जब खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे तो यह तस्वीर सभी के जेहन में होगी। साथ ही पिछले साल वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान दोनों टीमों में खूब प्रतिस्पर्द्धा देखने को मिली थी। फिलहाल लीग चरण में भारत ने बांग्लादेश को हराया था।
जारी है भारतीय गेंदबाजों का कमाल का खेल
टीम इंडिया
- फोटो : pti
मीरपुर के शेरे-बांग्ला स्टेडियम में टीम इंडिया ने उद्घाटन मैच में मेजबान को 45 रनों से हराया था। इस मैच में बांग्ला गेंदबाजों ने शुरुआत में भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था, शिखर धवन और विराट कोहली को सस्ते में पवेलियन की राह दिखाई थी, लेकिन ओपनर रोहित शर्मा बड़ी पारी खेलकर इस मैच के नायक बने थे पर अगले 2 मैचों में उनका बल्ला कुछ खास नहीं चला, लेकिन यूएई के खिलाफ मैच में उनका बल्ला फिर से अपने फॉर्म में लौट आया है।
यह मैदान अभी तक जिस तरह का खेल दिखा रही है उससे फिर गेंदबाजों का कहर दिख सकता है। टूर्नामेंट में बड़े स्कोर नहीं हुए हैं। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों में विराट कोहली लगातार 2 अर्धशतक लगा चुके हैं तो युवराज सिंह भी अपने लय में लौटते दिख रहे हैं। अगर कुछ गड़बड़ दिख रहा है तो ओपनर शिखर धवन और सुरेश रैना के साथ जिनका उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। धोनी ने अपेक्षाकृत ढंग की बल्लेबाजी की है। हार्दिक पांड्या भी शानदार ऑलराउंडर खेल दिखा रहे हैं।
गेंदबाजी में आशीष नेहरा और रविंद्र जडेजा को पिछले मैच में आराम दिया गया था कि वापसी इस मैच में होनी है क्योंकि दोनों ने शानदार गेंदबाजी दिखाई है। पांड्या भी बढ़िया गेंदबाजी करते दिख रहे हैं लेकिन पिछले मैच में एक मेडन डालने वाले हरभजन सिंह का खेलना संभव होता नहीं दिख रहा। नंबर वन फिरकी गेंदबाज आर अश्विन का इस मैच में खेलना तय है।
भारतीय गेंदबाज पिछले लीग मैचों में विपक्षी टीम (121, 83, 138 और 81 रन) को बड़ा स्कोर बनाने नहीं दिया। गेंदबाज किस तरह से संयुक्त प्रदर्शन कर रहे हैं उसका अंदाजा इसी से लग सकता है कि कोई भी गेंदबाज 10 विकेट नहीं झटक सका है। हार्दिक पांड्या ने टूर्नामेंट में अब तक 7 विकेट लिए हैं, जबकि आशीष नेहरा और जसप्रीत बुमराह ने 5-5 और आर अश्विन ने 3 विकेट लिए हैं।