आईपीएल के आठवें सीजन में बृहस्पतिवार को जिन दो टीमों के बीच भिड़ंत होगी, उनमें एक निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही दिल्ली डेयरडेविल्स है तो दूसरी लगातार 4 मैच हारकर पांचवें मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली मुंबई इंडियंस।
टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिहाज से दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है। यहां जीत दर्ज कर दिल्ली की टीम घरेलू मैदान पर लगातार 9 मैचों से चला आ रहा हार का सिलसिला भी तोड़ना चाहेगी।
दिल्ली के फिरोज शाह कोटला में खेले गए अपने पिछले मैच में दिल्ली की टीम को कोलकाता नाइटराइडर्स के हाथों 6 विकेट से मात मिली थी।
दूसरी ओर, मुंबई के लिए यह सत्र बेहद भयानक गुजरा है। टीम को शुरुआती 4 मुकाबले हारने के बाद पांचवें मैच में पहली जीत नसीब हुई। हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के खिलाफ हुए पिछले मैच में शीर्ष क्रम ने बढ़िया योगदान दिया है। दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी लाजवाब फॉर्म में हैं। भज्जी बल्ले से भी खूब जौहर दिखा रहे हैं।
दोनों टीमों के बीच तुलना करें तो मौजूदा फॉर्म को देखते हुए दिल्ली की टीम बेहतर स्थिति में हैं। मगर मुंबई की टीम को सिरे से खारिज करना भी दिल्ली के लिए बहुत बड़ी भूल साबित हो सकती है।
टीम दिल्ली डेयरडेविल्सः जीन पाल डुमिनी (कप्तान), युवराज सिंह, मयंक अग्रवाल, मनोज तिवारी, नाथन कूल्टर नाइल, एंजेलो मैथ्यूज, अमित मिश्रा, एल्बी मोर्केल, क्विंटन डी कॉक, जहीर खान, चिदंबरम गौतम, ट्रेविस हेड, इमरान ताहिर, श्रेयस अय्यर, केदार जाधव, केके जियास, डोमिनिक मुत्थुस्वामी, शहबाज नदीम, गुरिंदर संधू, मार्कस स्टोइनिस, सौरभ तिवारी, जयदेव उनादकट, जयंत यादव और श्रीकार भारत।
टीम मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा (कप्तान), अंबाती रायडू, अभिमन्यु मिथुन, आदित्य तारे, पार्थिव पटेल, कीरोन पोलार्ड, कोरी एंडरसन, लसिथ मलिंगा, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह, मर्चेंट डी लांगे, पवन सुयाल, श्रेयस गोपाल, लेंडल सिमंस, प्रज्ञान ओझा, मिचेल मैकक्लेनाघन, ब्लिजार्ड, अक्षय वाखारे, नीतीश राना, सिद्धेश लाड, हार्दिक पांड्या, जगदीशा सुचित, उन्मुक्त चंद और आर विनय कुमार।