टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अजेय प्रदर्शन को जारी रखते हुए न्यूजीलैंड ने एक बार फिर लाजवाब खेल दिखाया और सेमीफाइनल में उतरने से पहले ही लगातार जीत का चौका लगा दिया।
कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले गए टूर्नामेंट के 28वें मुकाबले में किवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 145 रन बनाए। जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम लगातार संघर्ष करती रही और 15.4 ओवर में पूरी टीम 70 रन पर आउट हो गई। इस तरह से किवी टीम ने यह मैच 75 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।
आज का मैच इस मामले में भी बेहद खास रहा कि आउट होने वाले 18 बल्लेबाजों में से 10 तो बोल्ड ही हुए। न्यूजीलैंड के 6 बल्लेबाज बोल्ड हुए जिसमें 4 बल्लेबाजों को तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने बोल्ड किया। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजों ने 4 को बोल्ड किया।
सेमीफाइनल के लिहाज से इस मैच का कोई महत्व नहीं रह गया था क्योंकि बांग्ला टीम पहले ही बाहर हो चुकी है जबकि न्यूजीलैंड अंतिम चार में पहुंचने वाली सबसे पहली टीम बनी थी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान केन विलियम्सन ने 42 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा कोलिन मुनरो ने 35 रन बनाए।
बांग्लादेश की ओर से तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने गजब की गेंदबाजी की और 22 रन देकर 5 विकेट झटक लिए। टूर्नामेंट में लगातार दूसरे दिन किसी गेंदबाज को टी-20 में 5 विकेट हासिल हुए हैं। शुक्रवार को पाक के खिलाफ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज जेम्स फॉकनर ने 5 विकेट लिए थे।
किवी बल्लेबाजों को 150 रन से पहले रोकने के बाद बल्लेबाजों ने बांग्ला टीम के लिए अच्छा नहीं किया और उसकी शुरुआत इस कदर खराब रही कि 50 रन पहले ही यानी 48 रन पर 7 विकेट गिर गए। इस बीच फ्लड लाइट खराब होने से मैच कुछ देर बाधित रहा और मैच जब फिर शुरू हुआ तो न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने पूरी टीम को 16वें ओवर के अंदर 70 रनों पर समेट दिया।
न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को हराने से पहले मेजबान भारत, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान सरीखे दिग्गजों टीमों को मात दिया है। ईडन गार्डंस में बांग्लादेश का यह दूसरा मुकाबला था लेकिन उसे जीत नहीं मिली। बांग्लादेश ने इसी मैदान पर अपने अभियान की शुरुआत की थी लेकिन इस मैच में उसे पाकिस्तान से 55 रनों की बड़ी शिकस्त भी मिली थी। लेकिन इसके बाद बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया और भारत को कड़ी चुनौती दी थी।