टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर प्रवीण आमरे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी दो सत्र के लिए दिल्ली कैपिटल्स से सहायक कोच के रूप में जुड़ गए हैं। भारत के लिए 11 टेस्ट और 37 वन-डे खेलने वाले 52 वर्षीय आमरे रिकी पोंटिंग की अगुआई वाले मौजूदा कोचिंग स्टाफ से जुड़ेंगे। टीम ने बुधवार को इसकी घोषणा की।
प्रेस विज्ञप्ति में आमरे के हवाले से कहा गया, 'मैं दिल्ली कैपिटल्स प्रबंधन का आभारी हूं, जिसने मुझे यह मौका दिया। 2020 में टीम के पहली बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाने के बाद टीम से जुड़ना रोमांचक है। मैं रिकी और सभी खिलाड़ियों के साथ दोबारा काम करने को लेकर उत्सुक हूं।' बता दें कि आमरे 2014 से 2019 के बीच फ्रेंचाइजी के प्रतिभा खोज के प्रमुख रहे हैं।
गौरतलब है कि आमरे ने घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ी और कोच के रूप में प्रभावी काम किया है। आमरे के मार्गदर्शन में मुंबई की टीम ने तीन रणजी खिताब जीते और वह भारत के कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के निजी कोच भी रहे हैं।