कोलकाता की ईडन गार्डंस पिच का विवाद अब थमता नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक पिच क्यूरेटर प्रबीर मुखर्जी काम पर लौटने को तैयार हो गए हैं। प्रबीर मुखर्जी से जगमोहन डालमिया ने बातचीत की। डालमिया ने कहा कि प्रबीर हमारे साथ बने रहेंगे।
इससे पहले आशीष भौमिक को क्यूरेटर बनाने के बीसीसीआई के रुख से नाराज प्रबीर मुखर्जी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल से इस्तीफे की पेशकश कर एक महीने की छुट्टी पर चले गए थे। ईडन गार्डंस में 5 दिसंबर से भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच खेला जाना है।
गौरतलब है कि दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड से हार के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कोलकाता में टर्निंग पिच की मांग की थी, लेकिन क्यूरेटर प्रबीर मुखर्जी ने ऐसा करने इंकार कर दिया था। इसके बाद बीसीसीआई ने उनकी जगह आशीष भौमिक को ईडन गार्डंस में टर्निंग पिच तैयार करने की जिम्मेदारी सौंप दी।
प्रबीर के इस रुख के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल में खलबली मच गई है। सूत्रों के मुताबिक प्रबीर के इस्तीफे को रोकने के लिए अधिकारियों ने शुक्रवार देर रात एक आपात बैठक भी की है। मुखर्जी का कहना था कि जल्दबाजी में टर्निंग विकेट तैयार करने में अगर कोई गड़बड़ी रह जाती है तो इसकी जिम्मेदारी मेरी नहीं, बल्कि बोर्ड की होगी। उन्होंने कहा कि सीएबी मेरे साथ है। मैं सीएबी के अधीन हूं, बीसीसीआई के नहीं।'