प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में भारत को इस साल मिली खिताबी जीत का जिक्र किया। पीएम मोदी का इस साल का यह आखिरी 'मन की बात' कार्यक्रम है और इस दौरान उन्होंने भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के अलावा महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम और पैरा एथलीटों की सफलता पर भी बात की। पीएम मोदी ने कहा कि खेल के लिहाज से साल 2025 यादगार रहा।
पीएम मोदी बोले- शान से तिरंगा लहराया
पीएम ने 'मन की बात' कार्यक्रम में खेलों का जिक्र करते हुए कहा, 2025 ने हमें ऐसे कई पल दिए जिन पर हर भारतीय को गर्व हुआ। देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर दुनिया के बड़े मंचों तक भारत ने हर जगह अपनी मजबूत छाप छोड़ी। साथियों, 2025 खेल के लिहाज से भी एक यादगार साल रहा। हमारी पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती। महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार वनडे विश्व कप अपने नाम किया। भारत की बेटियों ने महिला दृष्टिबाधित टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। एशिया कप टी20 में भी तिरंगा शान से लहराया। पैरा एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीतकर ये साबित किया कि कोई बाधा हौंसलों को नहीं रोक सकती। विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी भारत ने बड़ी छलांग लगाई।
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीती थी चैंपियंस ट्रॉफी
भारतीय टीम ने 2025 साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। भारत ने रोहित शर्मा की अगुआई में 50 ओवर के प्रारूप का यह आईसीसी टूर्नामेंट जीता था। गौतम गंभीर के कोच रहते भारत की यह पहली आईसीसी ट्रॉफी थी। इसके बाद भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 प्रारूप में खेले गए एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराया था।
महिला क्रिकेट टीम ने रचा था इतिहास
हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम ने भारत में खेले गए वनडे विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। भारतीय महिला टीम एशिया की पहली टीम बनी थी जिसने इस वैश्विक टूर्नामेंट को जीता। वहीं, दृष्टिबाधित महिला टीम ने भी पहली बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी।