आईपीएल के 16वें सीजन के आगाज से पहले भारत और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने दुनिया के दो सर्वकालिक महान खिलाड़ियों के बारे में बताया। उन्होंने भारत के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और वेस्टइंडीज के विवियन रिचर्ड्स का नाम लिया। कोहली का मानना है कि इन दो खिलाड़ियों ने क्रिकेट को पूरी तरह बदल दिया।
आरसीबी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कोहली ने कहा, ''मैंने हमेशा दो नाम लिए हैं, सचिन तेंदुलकर और सर विव रिचर्ड्स। सचिन मेरे हीरो हैं। इन दोनों ने अपनी पीढ़ी में बल्लेबाजी में क्रांति ला दी और क्रिकेट को पूरी तरह से बदल दिया। इसलिए मुझे लगता है कि वे दो सबसे महान हैं।" कोहली की टीम आरसीबी आईपीएल में अपना पहला मैच दो अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी।
ऐसा है सचिन और रिचर्ड्स का रिकॉर्ड
सचिन और विवियन रिचर्ड्स के आंकड़े विराट की बातों को सही ठहराते हैं। 664 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सचिन ने 48.52 के औसत से 34,357 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 100 शतक और 164 अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 248 रन है। उनके खाते में क्रिकेट के कई रिकॉर्ड हैं। इनमें टेस्ट, वनडे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन शामिल हैं। सचिन ने 201 विकेट भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हासिल किए हैं।
विवियन रिचर्ड्स की बात करें तो वह अपने समय के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक थे। वह 1975 और 1979 क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 121 टेस्ट में 50.23 के औसत से 8540 रन बनाए। उनके खाते में 24 शतक और 45 अर्द्धशतक हैं। उन्होंने 187 वनडे मैचों में 47.00 के औसत से 6721 रन बनाए। इनमें 11 शतक और 45 अर्द्धशतक शामिल हैं।
फेडरर और रोनाल्डो के साथ बैठेंगे तो क्या कहेंगे?
उनसे यह पूछा गया कि वह टेनिस से संन्यास ले चुके महान खिलाड़ी रोजर फेडरर और दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ अगर एक साथ बैठेंगे तो वह क्या कहेंगे? इस पर विराट ने कहा कि वह बस उन दोनों को बात को सुनेंगे। कोहली ने कहा, "मैं बस चुप रहूंगा और उन दोनों को सुनूंगा। मेरे पास उस बातचीत में योगदान देने के लिए बहुत कुछ नहीं है। यह खेल के इतिहास के दो महानतम एथलीटों को सुनने के बारे में होगा।"