टीम इंडिया के आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के लेग स्पिनर पियूष चावला अब अगले रणजी ट्रॉफी सीजन में उत्तर प्रदेश के बजाय गुजरात की तरफ से खेलते दिखाए देंगे। रिपोर्ट्स में पता चला है कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने लेग स्पिनर पियूष चावला को एनओसी भी दे दी है। चावला गुजरात की तरफ रुख करने वाले यूपी के दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने भी यूपी का साथ छोड़ गुजरात का दामन थामा था।
बीते रणजी सीजन में चावला ने महज दो मुकाबलों में हिस्सा लिया था। उनका प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा और कहा गया कि ड्रेसिंग रूम में उनका बर्ताव भी सही नहीं रहा। यूपी से चाइनामैन कुलदीप यादव का उदय हो रहा है, जिसके चलते पीयूष चावला का दबदबा टीम में कम होता दिख रहा है।
बता दें कि पियूष ने पिछले रणजी सीजन में ही गुजरात जाने की इजाजत मांगी थी, लेकिन उन्हें रोक दिया गया था। इस बार यूपी क्रिकेट एसोसिएशन ने उन्हें इसकी इजाजत दे दी है। अब चावला गुजरात के कप्तान पार्थिव पटेल की अगुवाई में खेलते नजर आएंगे।
अपने इस फैसले पर चावला ने कहा, 'मेरी गुजरात के कप्तान पार्थिव पटेल से बातचीत हुई और मैंने गुजरात की ओर से खेलने की इच्छा जताई। मेरा यूपी छोड़कर जाने का कोई विशेष कारण नहीं है। मैंने यूपीसीए के सामने अपनी बात रख दी है और वो उसे समझ गए हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर एक ऐसी टीम से जुड़ना शानदार है जिसने पिछले तीन साल में तीन ट्रॉफियां जीती हों। ऐसा नहीं है कि मैं यूपी में खुश नहीं था लेकिन ये जरूर है कि कुछ खालीपन सा था।'