पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद स्थगित की गई पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) को दोबारा शुरू करने पर विचार कर रहा है। पीसीबी का मानना है कि अगर टूर्नामेंट के शेष मैचों के लिए विदेशी खिलाड़ी नहीं भी आ पाए तो भी वह लीग शुरू करने के लिए तैयार है। बांग्लादेश को इस महीने के अंत में टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करना है और बोर्ड इससे पहले ही टूर्नामेंट का फाइनल कराना चाहता है।
16 मई से हो सकती है शुरुआत
न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से पीसीबी सूत्र ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के एलान के बाद पीसीबी 16 मई से पीएसएल दोबारा शुरू करने की योजना बना रहा है। सूत्र ने कहा, फाइनल लेकर पीएसएल में हमारे आठ मैच शेष हैं और रणनीति यह है कि विदेशी खिलाड़ी के बिना भी 15-16 मई से टूर्नामेंट दोबारा शुरू किया जाए और इसे खत्म किया जाए।
विदेशी खिलाड़ियों को बुलाने कहा गया
अधिकारियों ने कहा कि कुछ विदेशी खिलाड़ी अभी दुबई में हैं, जबकि कुछ अपने घर के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा, फ्रेंचाइजी से कहा गया है कि वे अपने विदेशी खिलाड़ियों को शेष मुकाबलों के लिए वापस आने कहें, लेकिन अंतिम फैसला खिलाड़ी और उनके बोर्ड लेंगे। पीसीबी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के संपर्क में भी है और दोनों परिस्थिति को देख रहे हैं, लेकिन जिस तरह से हालात सामान्य हो रहे हैं, उसे देखते हुए सीरीज के होने में कोई परेशानी नहीं है।
पीएसएल का मौजूदा सीजन समाप्त होने के बाद बांग्लादेश को रावलपिंडी और फैसलाबाद में टी20 मैचों की सीरीज खेलनी थी। पीसीबी की योजना है कि पीएसएल के शेष मुकाबले रावलपिंडी और लाहौर में कराए जाएं।