पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पूर्व तेज गेंदबाज और राष्ट्रीय चयनकर्ता आकिब जावेद से न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवर के दौरे पर टीम का अंतरिम कोच बने रहने के लिए कहा है। आकिब के नेतृत्व में पाकिस्तान का प्रदर्शन चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छा नहीं रहा था और टीम का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया था। माना जा रहा था कि निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आकिब की छुट्टी कर दी जाएगी, लेकिन फिलहाल उन्हें और मौका दिया गया है।
पीसीबी को आकिब को बरकरार रखने का कारण बताया
पीसीबी अधिकारी ने कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी और न्यूजीलैंड दौरे के बीच समय कम होने के कारण आकिब अंतिम मुख्य कोच के तौर पर अपनी जिम्मेदारी जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, पीसीबी ने हालांकि राष्ट्रीय टीम के लिए नए मुख्य कोच की खोज शुरू कर दी है और इसके लिए उचित प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
डब्ल्यूटीसी के अगले चक्र से पहले मिलेगा मुख्य कोच
अधिकारी ने कहा कि अगस्त में जब पाकिस्तान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के नए चक्र की शुरुआत करेगी तो उसे नया मुख्य कोच मिल जाएगा। पिछले साल पीसीबी ने जैसन गिलेस्पी को टेस्ट और गैरी कर्स्टन को सीमित ओवरों के प्रारूप का कोच बनाया था, लेकिन दोनों ने बोर्ड के साथ मसलों का हवाला देकर छह से आठ महीने के भीतर इस्तीफा दे दिया। इसके बाद आकिब को सफेद गेंद की टीम का अंतरिम मुख्य कोच बनाया गया और दक्षिण अफ्रीका तथा वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में वह टेस्ट टीम के भी मुख्य कोच रहे। वह तीन देशों की सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी में भी टीम के कोच थे जिसमें मेजबान टीम एक भी जीत दर्ज किए बिना बाहर हो गई। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद युसूफ बल्लेबाजी कोच होंगे।
सलमान आगा को बनाया टी20 कप्तान
पीसीबी ने साथ ही सलमान अली आगा को टी20 टीम का कप्तान और शादाब खान को उपकप्तान बनाया है। इन दोनों की नियुक्ति अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए हुई है। सलमान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में पाकिस्तान का नेतृत्व किया था और टीम 2-1 से सीरीज जीतने में सफल रही थी। टी20 विश्व कप की तैयारियों को देखते हुए पाकिस्तान एशिया कप 2025 में कम से कम पांच टी20, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन-तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा। पीसीबी ने कहा कि मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान की वनडे टीम की कमान संभालते रहेंगे।