भारत ने पाकिस्तान को अंडर-19 विश्व कप से किया बाहर
पाकिस्तान ने जब भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया, उसी दिन भारतीय अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को विश्व कप से बाहर का रास्ता दिखाया। दरअसल, दोनों टीमों के बीच रविवार को बुलवायो में अंडर-19 विश्व कप का मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के लिए यह मैच काफी अहम था क्योंकि इससे सेमीफाइनल का रास्ता तय होना था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 252 रन बनाए। पाकिस्तान की टीम 46.2 ओवर में ही 194 रन पर आउट हो गई। भारतीय टीम ने इस तरह सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि पाकिस्तान का सफर अंडर-19 विश्व कप में समाप्त हो गया।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: 'ये हमारा फैसला नहीं', भारत के खिलाफ नहीं खेलने पर सलमान आगा की प्रतिक्रिया; जानें क्या कहा
क्या भारत का सामना करने से डर रहा पाकिस्तान
सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम टी20 में शानदार फॉर्म में चल रही है। भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम की है। इतना ही नहीं, भारत टी20 विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार है और वह इस टूर्नामेंट में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगा। भारत का रिकॉर्ड भी विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अभूतपूर्व है। दोनों टीमें आठ बार एक दूसरे के सामने आई हैं, जिसमें से सात बार भारत को सफलता मिली है, जबकि सिर्फ एक बार पाकिस्तान जीता है। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या जैसे भारतीय खिलाड़ी फॉर्म में हैं जो पाकिस्तानी टीम को आसानी से पटखनी दे सकते हैं। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि भारत की खतरनाक फॉर्म को देखते हुए क्या पाकिस्तान टीम इंडिया का सामना करने से कतरा रहा है?
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: पाकिस्तान के बहिष्कार के बाद भी श्रीलंका जाएगी भारतीय टीम, आईसीसी प्रोटोकॉल का करेगी पालन
नो हैंडशेक की नीति बनाई
एशिया कप के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने ना सिर्फ अपने खेल से, बल्कि अपने व्यवहार से भी पाकिस्तान के खिलाड़ियों को उनकी हैसियत याद दिलाई थी। टॉस के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया था, जबकि तीन ही मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ नो हैंडशेक नीति का पालन किया था। इतना ही नहीं, भारत ने जब एशिया कप की ट्रॉफी जीती तो टीम के सदस्यों ने मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था और पुरस्कार समारोह का बहिष्कार किया था। पाकिस्तान का अंतरराष्ट्रीय मंच पर घनघोर अपमान हुआ था। नकवी एशिया क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष हैं और उनका भारत की ट्रॉफी 'चुराकर' रखी ली थी। अब जब पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ खेलने से इनकार किया है तो ये बातें उठाना जरूरी है कि किस तरह हर मोर्चे पर भारत अपने चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ हावी रहा है और पाकिस्तान को हमेशा ही मुंह की खानी पड़ी है।