आतंकी हमले के लगभग 10 साल बाद श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान का दौरा किया। जहां कराची में तीन मैच की वन-डे श्रृंखला और लाहौर में तीन मैच की टी-20 श्रृंखला खेली गई। पाकिस्तान ने जहां वन-डे सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमाया तो श्रीलंका को टी-20 सीरीज में 3-0 से जीत मिली। इस ऐतिहासिक दौरे से वापस लौटते ही श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड के मुखिया शम्मी सिल्वा ने एक सनसनीखेज खुलासा किया, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड नाराज हो गया है।
पीसीबी ने श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख शम्मी सिल्वा के इस बयान पर निराशा जताई है कि जहां उन्होंने पाकिस्तान में श्रीलंकाई टीम की सुरक्षा व्यवस्था पर बयान दिया था। कोलंबो लौटने पर सिल्वा ने मीडिया से कहा कि, 'श्रीलंकाई क्रिकेटर तीन से चार दिन होटल में बंद रहकर उकता गए थे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सूत्र ने कहा कि उन्होंने सिल्वा के बयान सुनने के बाद श्रीलंका क्रिकेट से नाराजगी जता दी है।
श्रीलंका को आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के तहत पाकिस्तान के साथ तीन मैच की टेस्ट सीरीज खेलनी है। सिल्वा ने कहा कि वह खिलाड़ियाें और स्टाफ से बात करने के बाद इस पर कोई फैसला लेंगे। टेस्ट सीरीज हालांकि यूएई में खेली जाएगी, लेकिन अगर श्रीलंकन टीम पाकिस्तान का दौरा करना चाहेगी तो सीरीज को वहां पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। सिल्वा ने कहा कि इस दौरे पर वह तीन से चार दिन कमरे में रहकर परेशान हो गए थे।
सूत्र ने कहा, ‘पीसीबी इन बयानों से काफी निराश और आहत है। श्रीलंकाई टीम को आला दर्जे की सुरक्षा उसके बोर्ड के कहने पर ही मुहैया कराई गई थी, हम उनके दौरे को सुविधाजनक भी बनाना चाहते थे।’ सूत्र ने कहा कि पीसीबी ने श्रीलंकाई अधिकारियों से कहा कि खिलाड़ियों को गोल्फ खेलने के लिए बाहर जाने और शापिंग के भी विकल्प दिए गए थे, इसके अलावा उन्होंने आधिकारिक कार्यक्रमों और डिनर में भी शिरकत की।