पिछले मुकाबलों में शिकस्त खाने वाली मौजूदा विजेता गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की टीमें गुरुवार को आईपीएल में जीत की पटरी पर लौटना चाहेंगी। गुजरात को अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ करारी हार मिली थी जिसे वह पीछे छोड़कर आगे बढ़ना चाहेगा।
कोलकाता के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने यश दयाल के ओवर में पांच लगातार छक्के जड़कर गुजरात को करारी शिकस्त दी थी। वहीं, पंजाब को सनराइजर्स हैदराबाद से हार का सामना करना पड़ा था। पंजाब के कप्तान शिखर धवन के नाबाद 99 रन भी टीम को जीत नहीं दिला पाए थे।
रिंकू सिंह
- फोटो : IPL/BCCI
हार्दिक की कमी खली
कोलकाता के खिलाफ मुकाबले में गुजरात के नियमित कप्तान हार्दिंक पांड्या बीमार होने के चलते नहीं खेल पाए थे। उनके इस मुकाबले में भी खेलने को लेकर संशय है। उनकी जगह राशिद खान ने टीम की अगुआई की थी। कोलकाता के खिलाफ राशिद ने हैट्रिक ली, साई सुदर्शन और विजय शंकर ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन रिंकू ने सभी की मेहनत पर पानी फेर दिया था।
पंजाब के खिलाफ टीम को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। गुजरात के पास सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल, सुदर्शन और शंकर जैसे मैच विजेता खिलाड़ी मौजूद हैं। शंकर ने पिछले मैच में 24 गेंद में 63 रन की पारी खेली थी। गुजरात की गेंदबाजी भी मजबूत है जिसकी अगुआई मोहम्मद शमी कर रहे हैं और उनका साथ जोशुआ लिटिल और अलजारी जोसफ और राशिद खान जैसे अच्छे गेंदबाज देते हैं।
धवन शानदार फॉर्म में चल रहे
पंजाब अपने घर में खेल रही है और टीम घरेलू स्थिति का फायदा उठाना चाहेगी। टीम के कप्तान शिखर धवन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उन्हें रोकने की चुनौती गुजरात के गेंदबाजों पर रहेगी। पंजाब आत्मविश्वास से भरी हुई है और ऐसे में इंग्लिश ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन के जुड़ने से टीम और भी मजबूत हुई है।
उनके अलावा आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी सैम करन, जितेश शर्मा और गेंदबाजी में अर्शदीप के साथ नाथन एलिस हैं जो गुजरात के बल्लेबाजों को आसानी से रन नहीं बनाने देंगे। हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले धवन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 86 और केकेआर के खिलाफ 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी।
नंबर गेम
लिविंगस्टोन ने 69 गेंद राशिद खान के खिलाफ खेली हैं जिसमें उन्होंने 119 रन बनाए हैं, जबकि धवन ने149 स्ट्राइक रेट से मोहम्मद शमी के खिलाफ रन बनाए हैं। शमी अभी तक आईपीएल में धवन को आउट नहीं कर पाए हैं। दोनों टीमों ने अपने पिछले तीन में से दो-दो मैच जीते हैं।
विश्व कप टीम में जगह बनाने का लक्ष्य
इस मैच में धवन और गिल दोनों पर दबाव रहेगा। दोनों खिलाड़ी वनडे विश्व कप टीम में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं। धवन और गिल दोनों ही शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। धवन ने अब तक इस सीजन में तीन मुकाबलों में 225 रन बनाए हैं, जबकि शुभमन ने तीन मैचों में 116 रन बनाए हैं।
राशिद की फिरकी से बचना होगा
कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ हैट्रिक लेने वाले गुजरात के गेंदबाज राशिद खान की फिरकी से पंजाब के बल्लेबाजों को बचना होगा। मौजूदा पंजाब की टीम के सभी बल्लेबाजों को राशिद आउट कर चुके हैं। सैम कुरेन ने राशिद के खिलाफ सात मैचों में सिर्फ 53 रन बना पाए हैं और चार बार अपना विकेट गंवाया है। उनके अलावा धवन सात मैचों में चार बार आउट हुए और 53 रन बनाए। वहीं, सिकंदर रजा ने 16 पारियां खेली हैं और 93 रन बना पाए हैं। वह भी चार बार आउट हुए हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, शिखर धवन, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, सिकंदर रजा/भानुका राजपक्षे, सैम करन, शाहरुख खान, हरप्रीत बराड़, राहुल चाहर, नाथन एलिस/कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह।
गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा, शुभमन गिल, साईं सुदर्शन, हार्दिक पांड्या, विजय शंकर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहम्मद शमी, अल्जारी जोसेफ, जोशुआ लिटिल।