कोविड-19 महामारी के कारण दुनिया भर के अन्य खेलों की तरह क्रिकेट टूर्नामेंटों पर भी अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की बजाए T-20 वर्ल्ड कप के आयोजन को अपनी प्राथमिकता में रखा है। कमिंस की दिली इच्छा है कि इस साल के आखिर में उनका देश इस टूर्नामेंट की मेजबानी करे।
कमिंस आईपीएल में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ियों में शामिल हैं। पिछली नीलामी में कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने उन्हें 15.50 करोड़ रुपये की मोटी कीमत देकर खरीदा था। कमिंस ने 'ऑस्ट्रेलियन असोसिएटेड प्रेस' से कहा, 'पिछले दो तीन वर्षों में हमने टी-20 विश्व कप को लेकर बात की है। विश्व कप (वन-डे) 2015 मेरे करियर में विशेष महत्व रखता है, जबकि मैं फाइनल में भी नहीं खेला था। मैं चाहता हूं कि इस टूर्नामेंट (T-20 वर्ल्ड कप) का आयोजन हो।'
उन्होंने कहा, 'यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस साल का संभवत: सबसे बड़ा टूर्नामेंट है। मैं चाहता हूं कि सब कुछ सही हो जाए और इस टूर्नामेंट का आयोजन हो। अगर मैं सच में लालची होता तो मुझे आईपीएल का आयोजन भी अच्छा लगेगा।'
आईपीएल के आयोजन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई। उसे अभी 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया था, लेकिन कोरोना वायरस के विश्व स्तर पर लगातार बढ़ने के कारण इस धनाढ्य लीग के फिलहाल आयोजन की संभावना नहीं है। पूर्व इंग्लिश खिलाड़ी केविन पीटरसन ने सुझाव दिया था कि IPL से क्रिकेट सत्र की शुरुआत होनी चाहिए। टी-20 विश्व कप का आयोजन अक्टूबर नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होना है।