'मिशन इंग्लैंड' पर पहुंची टीम इंडिया का अगले दौर पर सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। हाल ही में इंग्लैंड के हाथों बुरी तरह मात खाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की गैर-मौजूदगी में काफी हल्की पड़ चुकी है। टिम पेन के नेतृत्व में कंगारू टीम का हाल काफी बुरा हो चुका है।
ऐसे में कप्तान विराट कोहली के पास एक अच्छा मौका होगा कि ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर हराकर इतिहास रच सकें। लेकिन विराट ब्रिगेड के लिए यह काम इतना भी आसान नहीं होगा। पिछले दौरे पर विराट कोहली ने कंगारू गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। मिचेल जॉनसन से लेकर मिचेल स्टार्क कोहली की तूफानी बल्लेबाजी के आगे संघर्ष करते नजर आए थे।
हालांकि टीम के खराब प्रदर्शन के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के हौसलों में कोई कमी नहीं आई है। हाल ही में टीम के धाकड़ गेंदबाज पैट कमिंस ने कप्तान विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दे डाला है।
कमिंस ने कहा, 'टीम इंडिया से मुकाबला अभी काफी दूर है लेकिन उन्होंने बल्लेबाजों को लेकर रणनीति बनाना शुरू कर दिया है।' कमिंस ने कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया में न सिर्फ विराट कोहली के बल्ले को खामोश कर देंगे, बल्कि उन्हें यहां से जीतकर जाने भी नहीं देंगे।
गौरलतब है कि इंग्लंड के बाद टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के साथ तीन टी-20 मैच और चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में एक साल का बैन झेल रहे डेविन वॉर्नर और स्टीव स्मिथ हिस्सा नहीं लेंगे। वहीं पैट कमिंस के अलावा मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड पर फास्ट बॉलिंग डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी होगी।