टीवी शो पर महिलाओं के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर निलंबन झेल रहे हार्दिक पांड्या और केएल राहुल के मामले पर जल्द फैसला होता नहीं दिखाई दे रहा है। अब इस मामले की जांच को लेकर सीओए चेयरमैन विनोद राय और डायना एडुल्जी में खिच गई है।
राय ने जहां इस मामले से अपने को अलग कर लिया है वहीं डायना ने मामले की जानकारी सुप्रीम कोर्ट को देने को कहा है। डायना ने राय से कहा है कि आगामी 17 जनवरी को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में इस मामले की वस्तुस्थिति रखी जाए और अदालत से लोकपाल गठित करने को कहा जाए। लोकपाल गठित हो और इस मामले की जांच शुरू करे।
राय और डायना के बीच जिस तरह के आरोप-प्रत्यारोप को लेकर ई-मेल का आदान-प्रदान हुआ है उससे इस मामले की जांच जल्द खत्म होती नहीं दिखाई दे रही है। 23 मार्च से आईपीएल शुरू होना है ऐसे में दोनों क्रिकेटरों के आईपीएल में भागीदारी को लेकर भी संकट के बादल मंडराते दिखाई दे रहे हैं।
राय चाहते हैं सीईओ करे जांच
विनोद राय चाहते हैं कि कानूनी राय के हिसाब से सीईओ राहुल जौहरी मामले की जांच करें, लेकिन डायना इससे सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि सीईओ पर खुद गंभीर आरोप लगे हैं। डायना का कहना है कि मामले की जांच बोर्ड पदाधिकारियों को साथ में रखकर कराई जाए।
राय ने स्पष्ट किया है कि वह सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों से बाहर नहीं जा सकते हैं। उन्हें जांच करानी है तो जल्द कराएं, लेकिन वह अपने को इससे अलग करते हैं। डायना ने राय को जवाब दिया है कि नियमों की बात वह महिला कोच और जौहरी के मामले में भी कह रही थीं, लेकिन उस दौरान उनकी नहीं सुनी गई और एकतरफा फैसला ले लिया गया। बोर्ड संविधान के मुताबिक तदर्थ लोकपाल का गठन उचित नहीं है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट में मामला रखकर लोकपाल का गठन कराकर जांच शुरू कराई जाए।