टी-20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद घर लौटी पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों को क्रिकेटप्रेमियों के विरोधी नारों के बीच कड़ी सुरक्षा में एयरपोर्ट से निकाला गया। भारत में चल रहे वर्ल्ड कप के सुपर दस दौर से बाहर होने के बाद शनिवार रात को पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी टुकड़ों में लाहौर और कराची पहुंचे।
टीम के साथ कप्तान शाहिद आफरीदी नहीं थे जोकि कुछ दिनों के दुबई में रुक गए हैं। माना जा रहा है कि अपनी खराब फॉर्म और बयानों को लेकर आलोचनाओं के शिकार रहे अनुभवी ऑलराउंडर आफरीदी अगले कुछ दिनों में अपने भविष्य पर फैसला कर सकते हैं।
मैनेजर इंतिखाब आलम, मुहम्मद हफीज, मोहम्मद इरफान, उमर अकमल, वहाब रियाज और अहमद शहजाद के खिलाफ लाहौर एयरपोर्ट पर क्रिकेट प्रेमियों ने शर्म करो-शर्म करो के नारे लगाए।
लाहौर में खिलाड़ियों के खिलाफ लगे नारों के बाद कराची एयरपोर्ट पर सरफराज अहमद, शरजील खान, अनवर खान और अन्य खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा में बाहर निकालकर सुरक्षित ढंग से वाहनों में निकाला गया।
पाकिस्तान टीम का बांग्लादेश में हुए एशिया कप में भी खराब प्रदर्शन रहा था। टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान टीम चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत के अलावा न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया से भी पराजित हुई।