पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अपने खिलाड़ियों को बड़ी राहत देने जा रहा है। स्टार बल्लेबाज बाबर आजम सहित शीर्ष पाकिस्तानी क्रिकेटर ऑस्ट्रेलिया की आगामी बिग बैश लीग (बीबीएल) में भाग ले सकेंगे, क्योंकि पीसीबी ने उन्हें भागीदारी के लिए मंजूरी दे दी है। इस तरह कई हफ्तों से चली आ रही अनिश्चितता समाप्त हो गई है, जिसने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और फ्रेंचाइजी टीमों को चिंतित कर दिया था।
पीसीबी ने एनओसी किया था निलंबित
संयुक्त अरब अमीरात में एशिया कप फाइनल में भारत से पाकिस्तान की हार के बाद पीसीबी ने विदेशी टी20 लीग में खेलने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) को निलंबित कर दिया था। अब मौजूदा अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए इसे अपवाद बना दिया गया है, जिससे वे टूर्नामेंट में खेल सकेंगे। बीबीएल के 15वें संस्करण के लिए सात राष्ट्रीय खिलाड़ियों की पुष्टि हो गई है। बीबीएल का आगामी सीजन 14 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक चलेगा और इसमें 44 मैच खेले जाएंगे। इन पाकिस्तानी खिलाड़ियों में बाबर आजम, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, शादाब खान, मोहम्मद रिजवान, हसन अली और हसन खान शामिल हैं।
सिडनी सिक्सर्स के लिए डेब्यू करेंगे बाबर आजम
बाबर आजम पर्थ स्टेडियम में पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ पहले मैच में सिडनी सिक्सर्स के लिए अपना बीबीएल डेब्यू करेंगे। शाहीन अफरीदी को ब्रिस्बेन हीट ने अपनी पहली विदेशी प्लैटिनम पिक के रूप में साइन किया है, मोहम्मद रिजवान मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलेंगे, हारिस रऊफ मेलबर्न स्टार्स के साथ बने रहेंगे, शादाब खान सिडनी थंडर में शामिल होंगे, हसन अली को एडिलेड स्ट्राइकर्स ने ड्राफ्ट किया है और हसन खान भी रेनेगेड्स का प्रतिनिधित्व करेंगे।