भारत के साथ अगले महीने के आखिर में खेली जाने वाली सीरीज को देखते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में अपने खिलाड़ियों को भेजने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी, उमर अकमल और सईद अजमल ने पीसीबी से आस्ट्रेलियाई लीग बिग बैश में खेलने की इजाजत मांगी थी।
पाकिस्तान के तीनों खिलाड़ी अगले महीने बिग बैश में खेलने के लिए करार कर चुके हैं लेकिन पीसीबी ने कहा कि खिलाड़ियों को भारत जैसी कट्टर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ सीरीज से पहले घरेलू टी-20 मैचों में हिस्सा लेना चाहिए ताकि वे खुद को और बेहतर ढंग से तैयार कर सकें।
आफरीदी सिडनी थंडर्स के खिलाड़ी हैं जबकि अजमल ने एडीलेड स्ट्राइकर्स और उमर ने सिडनी सिक्सर्स के साथ करार किया है। 2007 के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच दो टी-20 और तीन वन-डे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। ऐसे में पीसीबी 22 दिसंबर से सात जनवरी तक होने वाले भारत दौरे के लिए कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता।
वीजा प्रक्रिया आसान बनाने की अपील
पाकिस्तान के पूर्व कप्तानों ने भारत सरकार से अपील की है कि उन पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसकों के लिए आसानी से वीजा जारी होना सुनिश्चित करें जो आगामी वन-डे और टी-20 सीरीज के लिए भारत जाना चाहते हैं। पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक मैच खेलने वाले इंजमाम उल हक ने कहा कि भारत सरकार को एक ऐसी प्रक्रिया ढूंढनी होगी, जिससे उनकी सुरक्षा से समझौता नहीं हो।