युवराज सिंह (72) के अर्द्घशतक के बाद अशोक डिंडा (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत सीरीज के दूसरे और अंतिम टी20 मैच में भारत ने पाकिस्तान को 11 रन से हरा दिया। भारत की इस जीत के साथ ही दो मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर संपन्न हुई।
193 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तानी टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 181 रन बना सकी। युवराज सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पाक कप्तान मोहम्मद हफीज मैन ऑफ द सीरीज रहे।
फुल स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें
पाकिस्तान की ओर से कप्तान मोहम्मद हफीज ने 55 रनों की पारी खेलकर टीम को जिताने की पूरी कोशिश की पर वे नाकाम रहे। 19वें ओवर में अशोक डिंडा ने हफीज को रैना के हाथों कैच कराकर मैच में भारत की वापसी करा दी।
अहमद शहजाद (31) और नासिर जमशेद (41) की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। आर अश्विन ने जमशेद को आउट इस जोड़ी को तोड़ा। इसके बाद युवराज ने शहजाद को आउट किया। उमर अकमल ने 24 और शाहिद अफरीदी ने 11 रन बनाए।
भारत की ओर से अशोक डिंडा ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। ईशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, युवराज सिंह और आर अश्विन ने एक-एक विकेट लिया। उल्लेखनीय है कि पहला मैच पाकिस्तान ने पांच विकेट से जीता था।
भारत ने बनाए 192 रन
टॉस हारकर पहले बैंटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने युवराज सिंह (72) के धुआंधार अर्द्घशतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। गौतम गंभीर (21) और अजिंक्य रहाणे (28) की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी कर टीम को तेज शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों को उमर गुल ने पवेलियन भेजा। अच्छी शुरुआत का फायदा उठाते हुए युवराज सिंह ने एमएस धोनी के साथ मिलकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
युवराज ने महज 36 गेंदों में सात छक्के और चार चौका की मदद से 72 रन बनाए। उन्होंने स्पिनर सईद अजमल के एक ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े। धोनी ने 23 गेंदों में चार चौकों की मदद से 33 रन बनाए। रोहित शर्मा 4 और सुरेश रैना 1 रन बनाकर नाबाद रहे। विराट कोहली ने भी 27 रनों की उपयोगी पारी खेली। वे सईद अजमल के थ्रो पर रनआउट हो गए।
युवराज जब शून्य पर थे तभी तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान की एक यॉर्कर गेंद उनके पैर के पंजे पर लगी, जिससे वे कराह उठे। चोट पर स्प्रे लगाने के बाद युवराज ने दोबारा बैटिंग किया। पाकिस्तान की ओर से केवल उमर गुल सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 37 रन खर्च कर 4 विकेट लिए।