फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान की टीम दो बदलावों के साथ उतरेगी। वहीं, श्रीलंका की टीम में भी बदलाव की संभावना है। दुबई में स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है। ऐसे में श्रीलंकाई टीम स्पिन गेंदबाजों पर ज्यादा भरोसा दिखा सकती है।
एशिया कप 2022 का फाइनल मुकाबला श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच है। श्रीलंकाई टीम रिकॉर्ड 11वीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है और छठी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। वहीं, पाकिस्तान तीसरी बार एशिया कप का चैंपियन बनना चाहेगा। इस बार श्रीलंका का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है और यह टीम एशिया कप जीतकर वापसी का एलान कर सकती है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में श्रीलंकाई टीम का प्रदर्शन बहुत ही साधारण रहा है। वहीं, पाकिस्तान भी एशिया कप जीतकर टी20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारी मजबूत करना चाहेगा।
विज्ञापन
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान की टीम में कम से कम दो बदलाव होने तय हैं। श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में नसीम शाह और शादाब खान नहीं खेले थे। इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पांच विकेट से हार गई थी। इस मैच में दोनों खिलाड़ियों का टीम में लौटना तय है। श्रीलंका को इन दोनों के खिलाफ ही संभलकर बल्लेबाजी करनी होगी। इसके अलावा दोनों ही बल्ले के साथ भी कमाल कर सकते हैं।
शादाब और नसीम के वापस आने पर हसन अली और उस्मान कादिर को टीम से बाहर किया जा सकता है। पिछले मैच में दोनों गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाए थे। हसन अली को कोई विकेट नहीं मिला था, जबकि कादिर ने एक सफलता हासिल की थी। इसके अलावा पाकिस्तान की टीम में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है।
धनंजया और मदुशन की जगह असलांका और फर्नांडो को मिल सकता है मौका
श्रीलंका की टीम में भी दो बदलाव हो सकते हैं। स्पिन ऑलराउंडर धनंजया डे सिल्वा की जगह चरिथ असलांका और प्रमोद मदुशन की जगह असिथा फर्नांडो को मौका मिल सकता है। पहले गेंदबाजी का मौका मिलने पर श्रीलंकाई कप्तान दसून शनाका पुरानी टीम के साथ उतर सकते हैं। वहीं, पहले बल्लेबाजी करने पर धनंजया की जगह असलांका और मदुशन की जगह असिथा को मौका दे सकते हैं।