पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच चल रहे पांच वन-डे मैचों की सीरीज के चौथे वन-डे में श्रीलंका को 7 विकेट से पराजय मिली है। इसी जीत के साथ पाकिस्तान ने पांच मैचों की इस सीरीज में 4-0 की बढ़त बना ली है और सीरीज पर कब्जा कर लिया है। हालांकि पाकिस्तान की नजर अब श्रीलंका को क्लीन स्वीप करने पर होगी।
बता दें कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने 43.4 ओवर में 173 रन पर ही ढेर हो गयी। जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 39 ओवर में तीन विकेट पर 177 रन बनाकर सीरीज में 4-0 से बढ़त बना ली। श्रीलंका की तरफ से लाहिरु थिरिमाने (62) रन की पारी खेली। जबकि पाकिस्तान की तरफ से आजम ने नाबाद 69 रन और मलिक ने नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेली। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिये 119 रन की साझेदारी की।
पढ़ेंः- श्रीलंका के क्रिकेटरों ने पाकिस्तान जाकर मैच खेलने से किया इंकार
वहीं, गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से हसन अली ने इतिहास रचते हुए 37 रन देकर तीन विकेट लिए। जबकि इमाद वसीम (13 रन) और शादाब खान (29 रन) ने दो-दो विकेट लिए। इसके साथ ही हसन अली आईसीसी वन-डे रैंकिंग में पहली बार नंबर वन गेंदबाज बन गए।
बता दें कि 23 साल के हसन पाकिस्तान की ओर से वन-डे में सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। यह आंकड़ा उन्होंने सिर्फ 24 मैच में ही पूरा किया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज वकार युनिस के नाम था। वकार ने 27 मैच खेलकर 50 विकेट लेने का आंकड़ा पूरा किया था। जबकि पाकिस्तान के ही एक और गेदबाज सकलेन मुश्ताक ने 28 मैच खेलकर यह रिकॉर्ड हासिल किया था।
गौरतलब है कि इस साल सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में हसन अली सबसे आगे है। साल 2017 में अली ने 17 मैचों में 43 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वहीं, इस रेस में उनके पीछे इंग्लैंड के लियाम प्लंकेट और राशिद खान 26-26 विकेट लेकर दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। जबकि टीम इंडिया के जसप्रीत बुमराह भी 29 विकेट लेकर चौथे नंबर पर हैं।