पाकिस्तान ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी, जिसमें छह अनकैप्ड खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। अनकैप्ड खिलाड़ियों में ऑफ स्पिनर साजिद खान, बाएं हाथ के स्पिनर नौमान अली, सलामी बल्लेबाज इमरान बट, तेज गेंदबाज हैरिस राऊफ और तबीश खान शामिल हैं।
राऊफ ने न्यूजीलैंड में टी-20 मैच खेला था लेकिन उन्होंने टेस्ट मैच नहीं खेला है। उन्होंने सिर्फ तीन प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। चयनकर्ताओं ने पूर्व कप्तान और विकेटकीपर सरफराज अहमद को भी टीम में उप कप्तान मोहम्मद रिजवान के लिए बतौर स्टैंडबॉय रखा है। बता दें कि दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 26 जनवरी से होगी। पहला मुकाबला कराची के राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा,जबकि दूसरा मुकाबला चार फरवरी से रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
17 सदस्यीय पाकिस्तानी टेस्ट टीमः
आबिद अली, इमरान बट, अजहर अली, बाबर आजम, फवद आलम, सौद शकील, फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, सरफराज अहमद, नौमान अली, साजिद खान, यासिर शाह, हैरिस राऊफ, हसन अली, शाहीन शाह अफरीदी और तबीश खान।