टेस्ट मैच में तीसरे दिन तक मैच पर न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी होने के बाद पाकिस्तान ने चौथे दिन खेल को और रोमांचक बना दिया।
दुबई में खेले जा रहे 3 टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के 6 विकेट 167 रन पर गिर चुके थे। इस तरह उसकी कुल बढ़त 177 रन की हो चुकी है।
अंतिम दिन का खेल काफी रोमांचक होने वाला है। अगर पाक टीम न्यूजीलैंड की दूसरी पारी को जल्द समेट देती है तो उसके सामने 200- 250 का ही लक्ष्य होगा जिसे पांचवें दिन में हासिल करना होगा।
न्यूजीलैंड का पूरा दारोमदार अब अनुभवी रॉस टेलर पर है जो 77 रन बनाकर एक छोर थामे हुए हैं। कप्तान ब्रैंडन मैककुलम ने 45 रन बनाए जबकि पहली पारी के शतकवीर टॉम लथाम मात्र 9 रन बनाकर ही आउट हो गए।
तेज गेंदबाज जुल्फीकार बाबर और यासिर शाह ने तीन-तीन विकेट लेकर अचानक से मैच को पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया और किवी टीम बैकफुट पर नजर आने लगी।
इससे पहले पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के पहली पारी के 403 रन के जवाब में मध्य क्रम के बल्लेबाज सरफराज अहमद के शानदार 112 रन की बदौलत 393 रन का स्कोर खड़ा किया और मेहमान टीम को मात्र 10 रन की ही बढ़त हासिल करने दी।