लगातार 5 मैचों में बांग्लादेश से जीत से दूर रहने वाली पाकिस्तान टीम अब छठे मैच में जीत के करीब पहुंच गई है। बांग्लादेश के दौरे पर गई पाक टीम का इस दौरे में बेहद खराब प्रदर्शन रहा। पाक ने पहले 3 मैचों की वनडे सीरीज गंवा दी, फिर वह एकमात्र ट्वंटी-20 मैच भी बांग्लादेश से हार गया।
2 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने बांग्लादेश की दूसरी पारी में 63 रन पर एक विकेट झटक लिए हैं।
मीरपुर में खेले जा रहे मैच में पाक ने मेजबान टीम के सामने जीत के लिए 550 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। पाक को मैच में जीत हासिल करने के लिए अगले 2 दिन में 9 विकेट झटकने होंगे जो उसके लिए मुश्किल नहीं लग रहा।
अभी 2 दिन का खेल बाकी है और मैच को ड्रॉ पर खत्म कराने के लिए बांग्लादेश को खासा संघर्ष करना पड़ेगा, पहली पारी में उसकी ओर से जिस तरह की बल्लेबाजी हुई थी उससे यह नहीं लगता कि शेष 9 बल्लेबाज पूरे 2 दिन आराम से निकाल पाएंगे।