भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे को संक्षिप्त किए जाने के बाद पाकिस्तान की क्रिकेट टीम इस अफ्रीकी देश का दौरा करेगी।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मंगलवार को घोषणा की है कि इस महीने के अंत में दोनों देशों के बीच दो ट्वंटी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
दोनों देशों ने अचानक ही यह सीरीज तय की है क्योंकि भारत ने दक्षिण अफ्रीका का अपना दौरा छोटा कर लिया है। भारत के सीरीज छोटा करने के कारण दक्षिण अफ्रीका ने अपना वित्तीय घाटा कम करने के लिए पाकिस्तान को सीरीज खेलने का प्रस्ताव दिया था।
पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका की टीमें इस समय यूएई में हैं और आपस में सीरीज में खेल रही हैं। टेस्ट सीरीज के बाद दोनों के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है। छह नवंबर को सीरीज का तीसरा मैच खेला जाएगा।
भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा पांच दिसंबर से शुरू हो रहा है। जबकि पाक टीम 20 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में पहला ट्वंटी-20 मैच खेलेगी। 22 नवंबर को दूसरा टी-20 मैच होगा।
वनडे सीरीज के तीन मैच क्रमशः 24, 27 और 30 नवंबर को खेले जाएंगे।
रज्जाक और मलिक की वापसी
पाकिस्तान ने दिग्गज हरफनमौला क्रिकेटर अब्दुल रज्जाक और पूर्व कप्तान शोएब मलिक को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दुबई में अगले हफ्ते होने वाले दो टी-20 मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है।
33 साल के रज्जाक की पूरे एक साल बाद टीम में वापसी हुई है। उन्हें पाक के टी-20 कप्तान मोहम्मद हफीज का विरोध जताने पर टीम से बाहर कर दिया गया था।
इससे पहले उन्होंने पिछले साल श्रीलंका में टी-20 विश्व कप में हिस्सा लिया था। पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने इस साल चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लिया था लेकिन उसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था।
दोनों टीमों के बीच टी-20 मैच दुबई में 13 और 15 नवंबर को खेले जाएंगे।