फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाक को मिली बांग्लादेश दौरे पर पहली और आखिरी जीत

Sat, 09 May 2015 04:39 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
एक ही दौरे में बांग्लादेश के हाथों पहली बार वनडे सीरीज फिर ट्वंटी-20 सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्तान ने टेस्ट में बांग्लादेश को हरा ही दिया।
विज्ञापन


सीमित ओवरों के मुकाबले में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की हर ओर आलोचना हो रही थी और पाक के लिए स्थिति उस समय बेहद खराब हो गई जब 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में बांग्लादेश ने मैच को ड्रॉ पर खत्म करा दिया।

टेस्ट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब बांग्लादेश ने पाक से कोई टेस्ट ड्रॉ कराया था। इस तरह से उसे बांग्लादेश के खिलाफ लगातार 5 मैचों में एक भी जीत नहीं मिली। दौरे के अंतिम मैच में पाक पर दबाव था कि वह जीत हासिल कर अपने वतन लौटे जिसमें वह कामयाब रहे।
विज्ञापन


मिस्बाह-उल-हक की अगुवाई वाली पाक टीम ने बांग्लादेश के दौरे के अपने अंतिम मैच में मेजबान टीम को 328 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उन्होंने न सिर्फ लगातार 5 मैचों से जीत के सूखे को खत्म किया बल्कि बांग्लादेश से टेस्ट सीरीज 1-0 से जीत ली।

इसके साथ ही पाक टीम को वर्तमान बांग्लादेश दौरे की पहली और आखिरी जीत नसीब हो ही गई। अब अगले महीने टीम इंडिया बांग्लादेश के दौरे पर जाएगी।
Trending Videos
विज्ञापन

सहवाग और गंभीर के रिकॉर्ड की बराबरी

पाकिस्‍तान ने बांग्लादेश के सामने दूसरे टेस्ट में जीत के लिए 550 रनों का बड़ा लक्ष्य ‌रखा और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उसने मेजबान टीम को शुरुआती झटका दे दिया था।

इसके बाद बांग्लादेश के सामने अगले 2 दिन तक बल्लेबाजी करते हुए मैच को बचाने की चुनौती थी लेकिन उसके बल्लेबाज इस मैच में पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी नाकाम रहे और चायकाल से पहले पूरी टीम ऑलआउट हो गई।

बांग्लादेश ने अपनी पारी एक विकेट (इमरुल कायेस) पर 63 रन से आगे खेलना शुरू किया और पाक ने सौ रन बनने से पहले ही तमीम इकबाल (42) और महमुदुल्लाह (2) को पवेलियन भेज दिया‍। खेल के पहले घंटे में 2 विकेट गंवाने के बाद बांग्लादेश संभल नहीं सकी और विकेटों के गिरने का सिलसिला चलता रहा जो चायकाल से पहले खत्म हुआ। शीर्ष क्रम के जाने के बाद बांग्ला टीम ने अपने 6 विकेट महज 57 रनों के अंदर गंवा दिए। शहादत हुसैन ने दोनों पारियों में बल्लेबाजी नह‌ीं की।

मेजबान टीम की ओर से मोमिनुल हक ने सबसे ज्यादा 68 रन बनाए। मोमिनुल ने लगातार 11वें टेस्ट मैच में अर्धशतकीय पारी खेली है। इसके साथ ही वह वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, विव रिचर्ड्स और एबी डीविलियर्स के क्लब में शामिल हो गए हैं।

पाक के लिए लेग स्पिनर यासिर शाह (फोटो) ने जोरदार गेंदबाजी की और 4 विकेट झटके। उनके अलावा इमरान खान को 2 और जुनैद खान, वहाब रियाज तथा मोहम्मद हफीज को एक-एक सफलता हासिल हुई।

पहली पारी में 226 रनों की दोहरी शतकीय पारी खेलने वाले पाकिस्तान के अजहर अली को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

पाकिस्तान ने पहली पारी में 8 विकेट पर 557 रन (पारी घोषित) बनाए, इसके बाद बांग्लादेश की पहली पारी 203 रनों पर सिमट गई। पाक ने मेजबान टीम पर 354 रनों की विशाल बढ़त बनाने के बावजूद फॉलोआन नहीं खिलाया और खुद खेलने का फैसला किया। दूसरी पारी में पाक ने 6 विकेट पर 195 रन (पारी घोषित) बनाए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें