पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी एक बार फिर मिलने के बाद बाबर आजम के तेवर बदले-बदले नजर आ रहे हैं। दूसरी बार टेस्ट कप्तान बने बाबर आजम अब अनुशासन, फिटनेस और प्रदर्शन की बात कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि कप्तानी संभालते ही बाबर ने साफ कर दिया कि इन तीन चीजों पर किसी तरह का समझौता नहीं होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने खराब नतीजों के बाद शान मसूद को टेस्ट कप्तानी से हटाकर बाबर आजम को दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है। शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान ने 16 टेस्ट मैचों में सिर्फ चार जीत दर्ज कीं, जबकि 12 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।
'अनुशासन, फिटनेस और प्रदर्शन' पर रहेगा पूरा फोकस
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर सलमान बट को दिए इंटरव्यू में बाबर आजम ने कहा कि उनकी कप्तानी की प्राथमिकता तीन चीजें होंगी, अनुशासन, फिटनेस और प्रदर्शन। उन्होंने कहा, 'मेरा पूरा फोकस तीन चीजों पर है अनुशासन, फिटनेस और प्रदर्शन। कप्तान के तौर पर और टीम के लिए ये सबसे ज्यादा मायने रखेंगी। मैं खिलाड़ियों का हमेशा समर्थन करता हूं, लेकिन इन तीन चीजों पर कोई समझौता नहीं होगा।'
बाबर बोले- पिछली कप्तानी से बहुत कुछ सीखा
बाबर ने माना कि अपने पहले कप्तानी कार्यकाल से उन्होंने काफी कुछ सीखा है और अब वह पहले से ज्यादा परिपक्व होकर लौटे हैं। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान की कप्तानी करना हमेशा सम्मान की बात होती है। पिछले कार्यकाल से मैंने काफी कुछ सीखा है। समय के साथ इंसान में परिपक्वता और स्पष्टता आती है। कई फैसले अच्छे होते हैं तो कुछ फैसलों पर बाद में लगता है कि उन्हें और बेहतर किया जा सकता था। मैंने अपने सोचने का तरीका बदला है और अब ज्यादा स्पष्टता के साथ आगे बढ़ रहा हूं।'
युवा खिलाड़ियों को देंगे पूरा समर्थन
बाबर ने कहा कि मौजूदा पाकिस्तान टीम में कई युवा खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके आए हैं और उनकी जिम्मेदारी होगी कि उन पर अतिरिक्त दबाव न आने दें। उन्होंने कहा, 'यह एक युवा टीम है। मेरी कोशिश रहेगी कि खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाऊं, उन्हें सहज रखूं और मुश्किल समय में उनका साथ दूं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी दबाव होता है, इसलिए मैं युवा खिलाड़ियों का दबाव कम करने की कोशिश करूंगा।'
फैंस से भी की खास अपील
बाबर आजम ने पाकिस्तान के क्रिकेट प्रशंसकों से टीम का समर्थन जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि खिलाड़ी देश की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। बाबर आजम इससे पहले 2021 से 2023 तक पाकिस्तान की टेस्ट टीम की कप्तानी कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने 20 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 10 में जीत, छह में हार और चार मुकाबले ड्रॉ रहे। 2023 वनडे विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्हें सीमित ओवरों की कप्तानी से भी हटना पड़ा था। अब दूसरी बार टेस्ट कप्तान बनने के साथ ही बाबर का फोकस 'अनुशासन, फिटनेस और प्रदर्शन' पर है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि बदले हुए सुर मैदान पर पाकिस्तान के नतीजे भी बदल पाते हैं या नहीं।