पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 18 सदस्यीय टीम और एशिया कप के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद एशिया कप के लिए पाकिस्तान की टीम से सउद शकील को बाहर कर दिया जाएगा और 17 सदस्यीय टीम एशिया कप में भाग लेगी। पाकिस्तान टीम में ऑलराउंडर फहीम अशरफ की वनडे में वापसी हुई है। अशरफ ने आखिरी बार दो साल पहले पाकिस्तान के लिए वनडे मैच खेला था।
शान मसूद को लगातार खराब प्रदर्शन के बाद टीम से बाहर कर दिया गया है। कोहनी की चोट से उबर रहे इहसानुल्लाह इस टीम में जगह बनाने से चूक गए। बाबर आजम की अगुवाई वाली टीम में घरेलू सर्किट पर शानदार प्रदर्शन के बाद तैय्यब ताहिर को भी शामिल किया गया है।
यह नए मुख्य चयनकर्ता इंजमाम-उल-हक द्वारा चुनी गई पहली टीम है, जिन्हें हाल ही में इस पद पर फिर से नियुक्त किया गया। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज 22 से 26 अगस्त के बीच खेली जाएगी, इसके बाद पाकिस्तान 30 अगस्त को मुल्तान में नेपाल के खिलाफ अपना एशिया कप अभियान शुरू करेगा। इस साल के अंत में अक्तूबर-नवंबर में भारत में होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप से पहले लय पकड़ने के लिए ये मैच पाकिस्तान के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
इन 18 खिलाड़ियों में से अधिकतर खिलाड़ियों का वनडे विश्व कप में भी खेलना लगभग तय है, क्योंकि कोई भी टीम बड़े टूर्नामेंट से पहले अपनी टीम में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी। हालांकि, चोट से उबर रहे खिलाड़ि विश्व कप टीम में जगह बना सकते हैं।
एशिया कप और अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम
अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), सलमान अली आगा, इफ्तिखार अहमद, तैयब ताहिर, सऊद शकील (केवल अफगानिस्तान सीरीज के लिए), मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद हारिस, शादाब खान (उपकप्तान), मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी।