पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शुक्रवार को अपनी घरेलू टी20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के 10वें संस्करण का कार्यक्रम जारी किया। पीएसएल का आगामी संस्करण 11 अप्रैल से शुरू होगा। दिलचस्प बात यह है कि पीएसएल का आयोजन उसी समय हो रहा है जब आईपीएल 2025 खेला जाएगा। आईपीएल 22 मार्च से 25 मई के बीच आयोजित किया जाएगा।
पीएसएल के 10वें संस्करण का पहला मैच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में गत चैंपियन इस्लामाबाद यूनाइटेड और दो बार के चैंपियन लाहौर कलंदर्स के बीच खेला जाएगा। लाहौर का गद्दाफी स्टेडियम 13 मैचों की मेजबानी करेगा, जिसमें दो एलिमिनेटर और 18 मई को होने वाला फाइनल शामिल है। पीएसएल में रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में 13 मई को क्वालिफायर एक सहित 11 मैच होंगे। कराची का नेशनल बैंक स्टेडियम और मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम प्रत्येक पांच पांच मैचों की मेजबानी करेंगे।
आईपीएल से टकराव का दिखेगा असर
देखना दिलचस्प होगा कि जो खिलाड़ी आईपीएल और पीएसएल दोनों में खेलते हैं वो इस तरह मैनेज करेंगे, लेकिन इतना तय है कि फ्रेंचाइजी की योजना प्रभावित होगी। इससे पहले भी आईपीएल के साथ टकराव के चलते पीएसएल को विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर परेशानी उठानी पड़ी है।