पिछले मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। हालांकि, उसके बाद से टीम इंडिया में काफी बदलाव हो चुके हैं। विराट कोहली की जगह अब टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा हैं। वहीं, दोनों टीमें इस बार अपने मुख्य शस्त्र के बिना इस टूर्नामेंट में उतरेंगी। भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह और पाकिस्तान टीम में शाहीन अफरीदी चोट की वजह से इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे।
हालांकि, इसके बावजूद दोनों टीमों में कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है। पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप में जब दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं, तो भारत की ओर से सिर्फ विराट कोहली रन बना पाए थे। उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी। पिछले कुछ समय से विराट का बल्ला खामोश है।
ऐसे में पाकिस्तान के मौजूदा दिग्गज स्पिनर यासिर शाह ने अपनी टीम को सख्त हिदायत दी है। यासिर ने कहा है कि पाकिस्तान को विराट कोहली से सावधान रहने की जरूरत है। भले ही उनका बल्ला पिछले कुछ समय से न चला हो, लेकिन वह पाकिस्तान के लिए खतरा बन सकते हैं।
यासिर शाह
कोहली नवंबर 2019 के बाद से किसी भी फॉर्मेट में शतक नहीं लगा पाए हैं। वहीं, इस साल आईपीएल में भी वह रन बनाने के लिए जूझते दिखे थे। कोहली ने आईपीएल 2022 के बाद अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी कम ही हिस्सा लिया है। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया में चुना गया है।
आईपीएल 2022 के बाद से कोहली केवल इंग्लैंड के दौरे पर दिखाई दिए थे। वहां उन्होंने दो टी-20 मैचों में 12 रन बनाए थे। साथ ही दो वनडे मैचों में 33 रन बनाए थे। कई पूर्व क्रिकेटर्स कोहली की आलोचना भी कर चुके हैं कि फॉर्म में न होने के बावजूद कोहली कैसे इतने मुकाबले मिस कर रहे हैं।
अब कोहली एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट में नजर आएंगे। एक टीवी चैनल से बात करते हुए पाकिस्तान के दिग्गज स्पिनर यासिर ने कहा- विराट कोहली को टैकल करना बिलकुल भी आसान न समझें। हां वह फॉर्म में नहीं हैं और रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन वह एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं।
कोहली किसी भी समय फॉर्म में वापस आ सकते हैं। कोहली को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना पसंद है। खासकर टी20 प्रारूप में। उन्होंने अब तक पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 में सात पारियों में 77.75 की औसत और तीन अर्द्धशतकों की मदद से 311 रन बनाए हैं।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले में टी-20 में कोई दूसरा बल्लेबाज 200 का आंकड़ा भी नहीं छू सका है। गत चैंपियन और सात बार के विजेता भारत को पाकिस्तान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर-4 में जाएंगी।
सुपर-4 में भी भारत-पाकिस्तान का सामना हो सकता है। वहीं, फाइनल में पहुंचने पर दोनों के बीच खिताबी भिड़ंत भी हो सकती है। भारत और पाकिस्तान ने कभी भी एशिया कप के फाइनल में एक-दूसरे का सामना नहीं किया है।