पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया को बधाई दी है। बता दें कि भारत ने 71 साल बाद ऑस्ट्रेलिया के घर में टेस्ट सीरीज जीती। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीतने वाली एशिया की पहली और विश्व की पांचवीं टीम बनी।
विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाले भारत के पहले कप्तान बने। इमरान खान ने ट्वीट किया, 'ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज करने वाली उपमहाद्वीप की पहली टीम बनने पर विराट कोहली और भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई।'
भारतीय टीम ने चार मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। बारिश के कारण सिडनी टेस्ट सोमवार को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनो देशों के क्रिकेट के 71 साल के इतिहास में भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज की। प्रेरक कप्तान माने जाने वाले इमरान खान के नेतृत्व में पाकिस्तान ने 1992 में अपना इकलौता विश्व कप जीता था।
इमरान खान ने अपने शानदार करियर में 88 टेस्ट और 175 वन-डे मैच खेले है।
इससे पहले सोमवार को पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक सीरीज जीत के लिए टीम इंडिया को शुभकामनाएं। विश्व क्रिकेट में सबसे कड़ा दौरा ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज होती है। यह शानदार प्रयास रहा और टीम इंडिया ने पूरे समय ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाए रखा।'
ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक सीरीज जीत के बाद कप्तान कोहली ने कहा था, 'सबसे पहले कहना चाहता हूं कि इस टीम का हिस्सा बनने पर सबसे ज्यादा गर्व है। हमारी टीम में बदलाव की प्रक्रिया इसी मैदान से शुरू हुई। मैंने कप्तानी संभाली और चार साल के बाद यहां जीत दर्ज की। इस टीम का नेतृत्व करने पर सिर्फ एक ही शब्द कहूंगा- गर्व। यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि इस टीम का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। हमारी टीम के लड़कों ने कप्तान का काम आसान किया।'