बाबर आजम को एक बार फिर पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है। बांग्लादेश के खिलाफ ढाका टेस्ट में 104 रन की शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौजूदा टेस्ट कप्तान शान मसूद की कप्तानी और प्रदर्शन दोनों पर सवाल उठ रहे हैं।
बाबर पर भरोसा जता सकता है पीसीबी
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के भीतर बाबर आजम को दोबारा टेस्ट कप्तान बनाने की चर्चा तेज हो गई है। पाकिस्तान टीम अभी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चक्र में इस साल सात और टेस्ट मैच खेलने वाली है और बोर्ड अनुभवी नेतृत्व के पक्ष में दिखाई दे रहा है।
मसूद की कप्तानी पर उठे सवाल
दिसंबर 2023 में टेस्ट कप्तानी संभालने के बाद से शान मसूद के नेतृत्व में पाकिस्तान ने 15 में से 11 टेस्ट मैच गंवाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में भी मसूद बल्ले से पूरी तरह फ्लॉप रहे और दोनों पारियों में बड़ा स्कोर नहीं बना सके। टीम की हार के बाद पाकिस्तान में पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने कप्तानी में बदलाव की मांग तेज कर दी है।
दूसरे टेस्ट में वापसी कर सकते हैं बाबर
बाबर आजम घुटने की चोट के कारण पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे, लेकिन 18 मई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में उनकी वापसी की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि यदि बाबर दूसरे टेस्ट में अच्छी बल्लेबाजी करते हैं तो कप्तानी की दौड़ में उनकी दावेदारी और मजबूत हो जाएगी। टीम के भीतर भी कई खिलाड़ी बाबर को फिर से टेस्ट कप्तान बनाए जाने के समर्थन में बताए जा रहे हैं।
पीसीबी के कुछ अधिकारी भी पक्ष में
सूत्रों के अनुसार, पीसीबी के कुछ प्रभावशाली अधिकारी मानते हैं कि यह बाबर आजम को फिर से कप्तानी सौंपने का सही समय है। बोर्ड भविष्य में उन्हें वनडे टीम की कप्तानी भी दोबारा देने पर विचार कर सकता है, खासकर अगले साल होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए।
पहले भी संभाल चुके हैं तीनों प्रारूप की कप्तानी
बाबर आजम 2019 से 2023 तक पाकिस्तान टीम के तीनों फॉर्मेट के कप्तान रह चुके हैं। हालांकि 2023 वनडे विश्व कप के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी। बाद में उन्हें 2024 टी20 विश्व कप के लिए फिर कप्तान बनाया गया, लेकिन खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने दोबारा पद छोड़ दिया।
पीसीबी में नई भूमिका निभा सकते हैं मसूद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शान मसूद खुद भी पहले टेस्ट में मिली हार से काफी निराश हैं और अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में स्थायी भूमिका निभाने पर विचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पिछले साल उन्हें डायरेक्टर ऑफ इंटरनेशनल क्रिकेट एंड प्लेयर अफेयर्स का पद ऑफर किया था, लेकिन मसूद ने तब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र पूरा करने का फैसला किया था।