पाकिस्तान में दोबारा से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शुरू करने के प्रयास में जुटी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अगले साल मार्च में प्रीमियर टी20 लीग आयोजित करने का फैसला किया है। पीसीबी के अध्यक्ष जका अशरफ ने कहा, 'हमने मार्च में प्रीमियर लीग आयोजित कराने का फैसला किया है। इससे ज्यादा से ज्यादा विदेशी खिलाड़ियों को पाकिस्तान में लाने में मदद मिलेगी।
लाहौर में मार्च 2009 को श्रीलंकाई टीम पर हुए आतंकवादी हमले के बाद से किसी भी विदेशी टीम ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है लेकिन पिछले सप्ताहांत अंतरराष्ट्रीय विश्व एकादश ने पाकिस्तान आल स्टार के साथ दो टी20 मैच खेले थे। पाकिस्तानी टीम को अगले वर्ष जनवरी से मार्च तक दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है।
पीसीबी ने दक्षिण अफ्रीका बोर्ड (सीएसए) ने इस कार्यक्रम में बदलाव का आग्रह किया था लेकिन सीएसए ने इसे नहीं माना था। पाकिस्तान का दक्षिण अफ्रीका दौरा 24 मार्च को खत्म होगा जबकि सबसे लोकप्रिय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चार अप्रैल को शुरू होगा।
अशरफ ने कहा कि हमें अपना पहला टूर्नामेंट कराने के लिए केवल दो सप्ताह का समय चाहिए और दक्षिण अफ्रीका टूर के बावजूद हम इसे मैनेज कर लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित प्रीमियर लीग में पांच फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी, जिनमें 30 विदेशी खिलाड़ी होंगे। पीसीबी ने पाकिस्तान सरकार ने इस लीग के लिए कर में पांच साल की छूट देने का आग्रह किया है।