भारत में जहां बड़े लक्ष्य आसानी से हासिल किए जा रहे हैं वहीं शारजाह में लो छोटा लक्ष्य हासिल करने में दिक्कत आ रही है।
शारजाह में खेले गए पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने एक रन से रोमांचक जीत हासिल की है।
इस वनडे मैच में पाकिस्तान एक समय जीत की ओर बढ़ रहा था लेकिन उसने अंतिम छह विकेट महज 17 रनों के अंदर गंवा देने से उसे हार का सामना करना पड़ा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 49.5 ओवर में 183 रन बनाकर आउट हो गई। जवाब में पाक लक्ष्य से एक रन दूर 46.3 ओवर में 182 रनों पर ही आउट हो गया।
17 रन के अंदर खोए 6 विकेट
पाक की ओर से ओपनर अहमद शहजाद ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने 31 रनों का योगदान दिया। पाक का स्कोर पांच विकेट पर 165 रन था लेकिन 182 तक पहुंचते-पहुंचते टीम ऑलआउट हो गई।
56 रन बनाने वाले वायने पार्नेल ने हरफनमौला खेल दिखाते हुए 41 रन देकर तीन विकेट झटके। जबकि फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर ने भी तीन विकेट लिए। जबकि मोर्ने मोर्कल और लोनवाबो सोतसोबे को दो-दो विकेट मिले।
पहले बल्लेबाजी का फैसला
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया पर उनका यह फैसला गलत साबित हुआ।
उसकी शुरुआत बेहद खराब रही और अपने शीर्ष पांच विकेट महज 63 रन पर गंवा दिए थे।
लेकिन पुछल्ले बल्लेबाज वायने पार्नेल ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए न सिर्फ 56 रनों का योगदान दिया बल्कि लोनवाबो सोतसोबे (16) के साथ नौवें विकेट के लिए 52 रन की संघर्षपूर्ण साझेदारी की।
पाकिस्तान की ओर से सईद अजमल ने 30 रन देकर चार विकेट झटके। जबकि लेग स्पिनर शाहिद अफरीदी ने तीन और सोहेल तनवीर ने दो विकेट निकाले।