पाकिस्तान के मुख्य कोच आकिब जावेद ने भी ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस वाला राग अलापा और कहा कि भारत को सिर्फ दुबई में खेलने का फायदा हुआ है। हालांकि, आकिब ने इसे टीम के खराब प्रदर्शन का बहाना मानने से इन्कार कर दिया है। पाकिस्तान का गुरुवार को बांग्लादेश से सामना होना है। इन दोनों ही टीमों का सफर चैंपियंस ट्रॉफी में समाप्त हो चुका है।
आकिब बोले- प्रशंसकों से ज्यादा खिलाड़ी हार से दुखी
आकिब ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले कहा कि भारत के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में हारने से प्रशंसकों से ज्यादा खिलाड़ी दुखी हैं। पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों को ही भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ हार मिली थी जिससे उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें धूमिल हो गई। मेजबान पाकिस्तान ने पहले दोनों मैच में लचर प्रदर्शन किया तथा न्यूजीलैंड और भारत से करारी हार झेलने के बाद उसका अपनी धरती पर चैंपियन बनने का सपना चकनाचूर हो गया।
भारत के दुबई में सभी मैच खेलने के बारे में आकिब से पूछा गया, इस पर उन्होंने कहा, भारतीय टीम किसी कारण से दुबई में है। जाहिर है कि एक ही ग्राउंड में खेलना, एक होटल में रहने से फायदा मिलता है, लेकिन हम इस कारण नहीं हारे हैं। ऐसा नहीं है कि जब हम दुबई आए तो वह वहां 10 मैच खेल चुके थे।
भारत के सभी मैच दुबई में
पाकिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपना शुरुआती मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद टीम 23 फरवरी को दुबई में भारत के खिलाफ खेली। भारत ने इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने से इन्कार कर दिया था जिस कारण आईसीसी ने उसके मैच दुबई में रखे थे जिसमें सेमीफाइनल भी शामिल है। भारत को अब दो मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप चरण का आखिरी मुकाबला खेलना है।
कमिंस ने क्या था?
आकिब से पहले ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस ने भी कहा था कि भारत को एक ही स्थान पर खेलने का फायदा मिल रहा है। कमिंस ने कहा था, यह अच्छा है कि टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है लेकिन जाहिर तौर पर इससे भारत को एक ही मैदान पर खेलने का बड़ा फायदा मिलता है। उनकी टीम पहले ही बहुत मजबूत है और उन्हें अपने सभी मैच एक स्थान पर खेलने का स्पष्ट फायदा भी मिल रहा है। वह पहले से ही काफी मजबूत दिख रहे थे और उन्हें दुबई में ही सारे मैच खेलने का फायदा मिला।