पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज इमरान फरहत समेत कई खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम में मच्छरों के काटने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड किस कदर बदहाली का शिकार है, इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता।
दरअसल, कायदे आजम ट्रॉफी के दौरान 8 खिलाड़ियों को मच्छरों ने काटा, जिसके कारण उन सभी खिलाड़ियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। ये सभी खिलाड़ी लाहौर सिटी क्रिकेट मैदान पर मैच खेल रहे थे। यह मैच लाहौर वाइट्स और एसएनजीपीएल के बीच खेला जा रहा था।
इस मामले में इमरान ने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो पोस्ट करते हुए इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'डायमंड क्रिकेट ग्राउंड में काफी सारे खिलाड़ी मच्छरों के काटने के शिकार हो रहे हैं। उनमें से 8 अस्पताल में भर्ती हैं, क्योंकि ड्रेसिंग रूम और मैदान की हालत ठीक नहीं है।'
इसके अलावा पाकिस्तान के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज मिस्बाह उल हक ने ड्रेसिंग रूम और ग्राउंड की निंदा की है। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करते हुए ट्विट किया और लिखा, 'यह कोई स्टोर रूम नहीं है। यह एलसीसीए क्रिकेट ग्राउंड का ड्रेसिंग रूम हैं। यहां लाहौर वाइट्स और एसएनजीपीएल के बीच खेला जा रहा है। इसमें 6 टेस्ट खिलाड़ी खेल रहे हैं। मै मानना है कि खिलाड़ी इससे बेहतर की उम्मीद करते हैं। आउटफिल्ड और पिच दोनों ही क्रिकेट के लिए बेहतर नहीं हैं।'