पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया। यह दूसरी बार है जब आमिर ने यह निर्णय लिया है। आमिर ने इस साल मार्च में संन्यास से वापसी की थी और तीन साल आठ महीने के अंतराल के बाद न्यूजीलैंड सीरीज से उन्हें टीम में शामिल होने का मौका दिया गया था। आमिर इस साल हुए टी20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान टीम का हिस्सा थे।
आमिर ने अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप के चार मैचों में सात विकेट झटके थे। हालांकि, पाकिस्तान का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया था। आमिर जून के बाद पाकिस्तान के लिए नहीं खेल सके और उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये संन्यास लेने की घोषणा की। इस तेज गेंदबाज ने स्वीकार किया कि उनके लिए यह फैसला लेना आसान नहीं था, लेकिन उन्हें लगता है कि यह अगली पीढ़ी को मौका देने का सही समय है।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये किया एलान
आमिर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये कहा, काफी विचार के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का कठिन फैसला लिया है। ये निर्णय कभी भी आसान नहीं बल्कि अपरिहार्य होते हैं। मुझे लगता है कि यह सही समय है कि अगली पीढ़ी जिम्मेदारी संभाले और पाकिस्तान क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाए। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। मैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, अपने परिवार और प्रशंसकों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने लगातार मुझे प्यार दिया और मेरा समर्थन किया।
कैसा रहा आमिर का करियर?
आमिर ने अपने करियर में कुल 271 विकेट लिए। उन्होंने 2009 में डेब्यू किया था। आमिर ने 36 टेस्ट मैचों में 119 विकेट, 61 वनडे मुकाबलों में 81 विकेट और 62 मैचों में 71 विकेट झटके हैं। आमिर 2009 में टी20 विश्व कप जीतने वाली पाकिस्तान टीम का हिस्सा थे। हालांकि, 2010 में इंग्लैंड में फिक्सिंग मामलों में फंसने के कारण उनका करियर प्रभावित हुआ।