भारत का पड़ोसी देश श्रीलंका लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वहां पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहे हैं। अब कुछ ऐसी ही स्थिति एक अन्य पड़ोसी देश में पाकिस्तान भी दिखाई दे रही है। वहां के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद हफीज को अपने बयानों के लिए जाना जाता है । उन्होंने कई मौकों पर क्रिकेट मामलों को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पर निशाना साधा है। बुधवार को पूर्व ऑलराउंडर ने पाकिस्तान में 'आम आदमी' के सामने आने वाली समस्याओं को लेकर ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने प्रमुख पाकिस्तानी राजनेताओं को भी टैग किया।
पूर्व ऑलराउंडर ने ट्विटर पर लिखा, "लाहौर में किसी भी पेट्रोल स्टेशन पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं है? एटीएम मशीनों में नकदी उपलब्ध नहीं है ? एक आम आदमी को राजनीतिक फैसलों का सामना क्यों करना पड़ता है?" हफीज ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो और मरयम नवाज शरीफ को टैग किया।
इस साल अप्रैल में इमरान खान को अपदस्थ करने के बाद शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान के 23वें पीएम के रूप में शपथ ली थी। हफीज ने तीनों प्रारूपों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा था। वो 2017 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली पाकिस्तानी टीम के अहम सदस्य थे।
हफीज ने तीनों प्रारूपों में 12,000 से अधिक रन बनाए। इसके अलावा गेंदबाजी में 250 से अधिक विकेट भी लिए। उन्होंने पाकिस्तानी टीम की कप्तानी भी की। श्रीलंका की तरह पाकिस्तान भी आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। पाकिस्तानी रुपया डॉलर के मुकाबले सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है और खजाना खाली हो चुका है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान का विदेशी मुद्र भंडार भी नीचे गिर रहा है। कई जानकार कहते हैं कि पाकिस्तानी की स्थिति नहीं सुधरी तो वह श्रीलंका की तरह दिवालिया हो सकता है।