भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों ने साल 2016 की शुरुआत ऑस्ट्रेलियाई महाद्वीप के दौरे से की है। लेकिन जहां भारत को ऑस्ट्रेलिया में लगातार दूसरे वनडे में हार मिली, वहीं न्यूजीलैंड दौरे पर गई पाक टीम ने अपने पहले ही मैच में जीत का स्वाद चख लिया।
शुक्रवार को टीम इंडिया ब्रिसबेन वनडे में 309 रन का लक्ष्य देकर भी मैच हार गई। इस हार से वह दूसरी ऐसी टीम बन गई है जिसने लगातार 2 बार 300 से ज्यादा का लक्ष्य दिया और उसे हार मिली। भारत को नए साल में पहली जीत का इंतजार कायम है तो वहीं ऑस्ट्रेलिया के पड़ोस (न्यूजीलैंड) के ऑकलैंड में पाक ने साल के अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच (टी-20) में जीत हासिल कर ली।
पाकिस्तान के लिए यह मैच इस मायने में भी खास था क्योंकि 2010 में स्पॉट फिक्सिंग के कारण 5 साल के लिए क्रिकेट खेलने से प्रतिबंधित किए गए तेज गेंदबाज ने फिर से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत कर रहे थे। पाक ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 171 रन बनाए और फिर गेंदबाजों के कमाल के खेल की बदौलत यह मैच 16 रन से जीत लिया। यह जीत इसलिए अहम रही क्योंकि न्यूजीलैंड के बल्लेबाज कोलिन मुनरो ने लगातार दूसरे मैच में विस्फोटक पारी खेलकर मैच में रोमांच ला दिया। उन्होंने 25 गेंदों में तूफानी फिफ्टी ठोंक दी थी।