जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के विरोध में भारत को परमाणु बम से साफ कर देने की धमकी देने वाले पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद की अक्ल ठिकाने आ चुकी है। धमकी भरा अंदाज अब नरम पड़ चुका है। मियांदाद ने रविवार को एक नए वीडियो में कहा कि, 'पाकिस्तान और यहां का आवाम अमन चाहता है। मैं बॉर्डर पर यह संदेश लेकर जाऊंगा।
मीडिया सूत्रों की माने तो पूर्व क्रिकेटर मियांदाद पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश बॉक्सर आमिर खान के साथ स्थानीय लोगों के साथ लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) की ओर निकल भी पड़े थे, लेकिन एलओसी से 15 किलोमीटर पहले ही पाकिस्तानी सेना ने रोक दिया और दोनों खिलाड़ियों को बैरंग वापस भेज दिया।
इससे पहले जावेद मियांदाद और आमिर खान ने एलओसी पर जाने का एलान अपने ट्विटर हैंडल से किया था। मियांदाद ने कहा कि मैं एलओसी पर जा रहा हूं। कश्मीर में शांति की अपील करूंगा। बॉक्सर आमिर खान ने कहा कि मैं एलओसी पर जा रहा हूं। इस मानवीय यात्रा के दौरान मैं जागरूकता फैलाने की कोशिश करूंगा।
मियांदाद ने कहा, 'कश्मीर के लोग लंबे समय से लड़ते आ रहे हैं। मैं अमन का संदेश लेकर बॉर्डर पर जाउंगा। सभी शीर्ष लोगों चाहे वो जिस क्षेत्र से हों, अपील है कि वो मेरे साथ आएं। दुनिया से जो भी वहां मेरे साथ आना चाहता है, उसको मैं साथ लेकर जाउंगा। हम कश्मीरियों के साथ हैं और हमेशा रहेंगे। इनसे कोई हमें अलग नहीं कर सकता। मैं चाहता हूं कि भारत और पाकिस्तान हर मसले को शांति के साथ निपटाएं।'
इससे पहले कराची में हुई एक रैली में मियांदाद का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें जावेद ने कहा था, 'पाकिस्तान के पास भी न्यूक्लियर बम है। हम भारत को साफ कर देंगे। मियादांद कह रहे थे कि अगर आपके पास लायसेंस वैपन हैं तो अपनी जान बचाने के लिए हमला करो। आपको उनका इस्तेमाल करना चाहिए। मियांदाद ने कहा कि दुनिया भर में एक ही नियम है कि सेल्फ डिफेंस में आप हमला कर सकते हैं।
जब भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पत्रकार ने सवाल पूछा तो मियांदाद ने कहा कि, 'मोदी साहब डरपोक लोग हैं और हम न्यूक्लियर पावर सिर्फ दिखाने के लिए नहीं हैं चलाने के लिए रखा है और हम साफ कर देंगे।'