पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज हारून रशीद को राष्ट्रीय चयन समिति का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष नजम सेठी ने सोमवार को लाहौर में कहा कि हारून नई चयन समिति के प्रमुख होंगे, लेकिन बाकी सदस्यों का फैसला बाद में किया जाएगा। 22 दिसंबर को बोर्ड के संरक्षक प्रधान मंत्री शाहबाज शरीफ द्वारा 69 वर्षीय हारून को पीसीबी चलाने के लिए 14 सदस्यीय क्रिकेट प्रबंधन समिति में भी नामित किया गया था। अंतरिम चयनकर्ता शाहिद अफरीदी की छुट्टी हो गई है।
नजम सेठी ने कहा, "हारून ने अब प्रबंधन समिति से इस्तीफा दे दिया है क्योंकि हम हितों का टकराव नहीं चाहते। वह अब मुख्य चयनकर्ता हैं।" पाकिस्तान के लिए 23 टेस्ट और 12 वनडे खेलने वाले हारून पिछले साल पीसीबी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर के निदेशक पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने बोर्ड में मुख्य चयनकर्ता, सीनियर और जूनियर टीमों के प्रबंधक के अलावा सीनियर-जूनियर टीमों के मुख्य कोच सहित कई पदों पर काम किया है।
अफरीदी का क्या हुआ?
क्रिकेट प्रबंधन समिति ने शाहिद अफरीदी को अंतरिम मुख्य चयनकर्ता के रूप में नामित किया था और नजम सेठी चाहते थे कि वह लंबे समय तक बने रहें, लेकिन पूर्व ऑलराउंडर ने इनकार कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके पास फाउंडेशन और चैरेटी से जुड़े कई काम हैं।
मिकी आर्थर बन सकते हैं नए कोच
नजम सेठी ने यह भी स्पष्ट किया कि मिकी आर्थर के साथ बातचीत अब भी चल रही है और अगले दो या तीन दिनों में पाकिस्तान टीम के नए मुख्य कोच की अंतिम घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा, "मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं मिकी के साथ सीधी बातचीत कर रहा हूं और मुझे लगता है कि 90 फीसदी चर्चा हो चुकी है। हमने कई चीजों पर बात कर ली है। हम बहुत जल्द आपको अच्छी खबर दे सकते हैं।"
आर्थर 2016 और 2019 के बीच पाकिस्तान के मुख्य कोच भी थे और विश्व कप के बाद चेयरमैन एहसान मनी के प्रबंधन द्वारा उनका अनुबंध नहीं बढ़ाया गया था। आर्थर अब इंग्लिश काउंटी में डर्बीशायर के साथ काम कर रहे हैं।