पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि अगले महीने होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान के बजाए किसी अन्य देश में कराई जाएगी। पिछले कुछ दिनों से मीडिया में ऐसी खबरें चल रही हैं कि तीनों स्टेडियम में पुनर्निर्माण कार्य अबतक पूरा नहीं होने के कारण इस टूर्नामेंट का आयोजन दुबई में हो सकता है। मालूम हो कि चैंपियंस ट्रॉफी हाइब्रिड मॉडल के तहत कराई जाएगी जिसमें भारत के मैच दुबई में होंगे।
आईसीसी रख रहा मामले पर नजर
चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 19 फरवरी से होनी है और इसके मुकाबले रावलपिंडी, लाहौर और कराची में होने हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं जिसमें दिख रहा है कि इन तीनों स्टेडियमों में अबतक पुनर्निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। बताया यह भी जा रहा है कि आईसीसी की इस मामले पर पूरी नजर है और उसका प्रतिनिधि दल पुनर्निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचा है।
पीसीबी के एक सूत्र ने कहा कि आईसीसी दल की मौजूदगी इसकी पुष्टि करती है कि टूर्नामेंट पाकिस्तान में ही खेला जाएगा। उन्होंने कहा, बोर्ड ने करीब 12 अरब रुपये स्टेडियमों के नवीनीकरण पर खर्च किए हैं। हमने स्टेडियम में चल रहे काम के बारे में पहले बयान इसलिए जारी किया क्योंकि मीडिया तथ्यों की जांच किए बिना अफवाह फैला रहा था।
'समय पर मेजबानी के लिए तैयार'
पीसीबी सूत्र ने कहा, 'हमने इसलिए बयान जारी किया था कि हमारा मीडिया बिना तथ्यों को जांचे गलत खबर चला रहे हैं। इससे पीसीबी, आईसीसी, सरकार, व्यावसायिक साझेदार और प्रशंसकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है।' अधिकारी ने साथ ही बताया कि स्थानीय पत्रकारों ने बिना मंजूरी के नेशनल स्टेडियम कराची में चल रहे निर्माण कार्य की फोटो ली और नकारात्मक तस्वीर पेश की। सूत्र ने कहा, स्टेडियम में नवीनीकरण के काम को पीसीबी और संबंधित अधिकारी करीब से देख रहे हैं और वे समय पर चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबलों की मेजबानी करने के लिए तैयार हैं।
गद्दाफी स्टेडियम में नई कुर्सियां लगाई जा रही है जिससे दर्शकों की क्षमता बढ़कर 35000 हो गई है। इसके अलावा 480 एलईडी लाइट लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि स्टेडियम में पुनर्निर्माण कार्य का खत्म होने के बाद स्टेडियमों का उद्घाटन जनवरी के अंतिम सप्ताह में होगा। कराची में 350 एलईडी लाइट्स लगाए गए हैं और दो बड़े डिजिटल डिसप्ले और 5000 नई कुर्सियां भी लगाई जा रही हैं। पीसीबी ने कहा कि रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में 10000 नई कुर्सियां, बेहतर हॉस्पिटेलिटी बॉक्स और दो डिजिटल रिप्ले स्क्रीन्स लगाए गए हैं।