पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दक्षिण अफ्रीका के मिकी आर्थर को पाकिस्तान क्रिकेट टीम का निदेशक बनाया है। पीसीबी ने गुरुवार (20 अप्रैल) को आर्थर को यह जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की। वह आगामी वनडे विश्व कप की तैयारियं में अहम भूमिका निभाएंगे। 54 साल के आर्थर 2016 से 2019 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। वह पुरुष की टीम के लिए रणनीति तैयार करने और उसकी देखरेख करने में शामिल होंगे।
पीसीबी ने अपने बयान में कहा, ''आर्थर आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023, ऑस्ट्रेलिया के विदेशी दौरे और वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा होंगे। वह एसीसी एशिया कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान के मैचों के लिए भी टीम के साथ मौजूद रहेंगे।'' 2016 से 2019 तक अपने कार्यकाल के दौरान आर्थर ने पाकिस्तान को टेस्ट और टी20 में शीर्ष पर पहुंचाया था। उनकी कोचिंग में ही टीम 2017 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।
मिकी आर्थर ने अपने बयान में कहा, ''मैं पाकिस्तान क्रिकेट टीम से फिर से जुड़कर बेहद रोमांचित हूं और टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। यह एक प्रतिभाशाली समूह है जिसमें सभी प्रारूपों में नंबर एक होने की क्षमता है और मेरा प्रयास रणनीतियों को लागू करना और ऐसा माहौल बनाना है जो उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में योगदान दे सके।''
आर्थर को नजम सेठी द्वारा पूर्णकालिक कोच पद की पेशकश की गई थी। पीसीबी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नजम सेठी ने कहा कि आर्थर पर राष्ट्रीय टीम की बेंच स्ट्रेंथ बढ़ाने के लिए भविष्य के सितारों को तैयार करने की भी जिम्मेदारी होगी। सेठी ने कहा, "मुझे खुशी है कि मिकी औपचारिक रूप से पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम में एक बेहतर भूमिका के साथ शामिल हो गए हैं, जिसमें वह सभी प्रारूपों में आगामी असाइनमेंट के लिए रणनीति तैयार करने और लागू करने के लिए जिम्मेदार होंगे।"