पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) उन दो मैचों के टिकट के पैसे वापस करने के लिए तैयार हो गया है जिसमें बारिश के कारण टॉस भी नहीं हो सका था और मैच बिना एक भी गेंद डाले रद्द हो गया था। रावलपिंडी स्टेडियम पर चैंपियंस ट्रॉफी के दो मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए थे। पीसीबी ने शनिवार को बताया कि वह आईसीसी की नीति के तहत टिकट के पैसे वापस करने के लिए तैयार है।
दो मुकाबले चढ़े थे बारिश की भेंट
बारिश के कारण 25 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच और 27 फरवरी को बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मैच एक भी गेंद फेंके बिना रद्द कर दिया गया था। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पीसीबी टिकट वापसी नीति के अनुसार अगर टॉस से पहले मैच रद्द कर दिया जाता है तो टिकट धारक पूरा पैसा वापस पाने के पात्र हैं। पीसीबी ने एक बयान में कहा कि सभी टिकट के पैसे वापस किए जाएंगे। इसमें कहा गया कि हॉस्पिटैलिटी टिकट (बॉक्स और पीसीबी गैलरी) के टिकट धारक रिफंड के पात्र नहीं होंगे।
14 मार्च तक दिए जाएंगे रिफंड
पात्र टिकट धारक 10 मार्च से 14 मार्च के बीच चुनिंदा टीसीएस आउटलेट पर अपना रिफंड वापस ले सकते हैं। रिफंड की प्रक्रिया के लिए टिकट धारकों को खरीद के प्रमाण के रूप में एक मूल टिकट पेश करना होगा जो फटा हुआ नहीं हो और व्यक्तिगत रूप से टीसीएस आउटलेट पर जाना होगा क्योंकि किसी और की ओर से रिफंड का दावा नहीं किया जा सकता है।
पीसीबी ने बयान में कहा, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चैंपियंस ट्रॉफी के दो मैचों के टिकट का पूरा पैसा वापस करने का एलान करता है जिसमें एक भी गेंद फेंके मुकाबला रद्द कर दिया गया था। यह मैच ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान है। हॉस्पिटैलिटी टिकट (बॉक्स और पीसीबी गैलरी) के टिकट धारक रिफंड के लिए मान्य नहीं होंगे।